सिंधिया ने किया तूफानी दौरा

अशोकनगर । कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मुंगावली के बम्मन खिरिया, अचलगढ़, जारसल,आदि क्षेत्रों का तूफानी दौरा किया। श्री सिंधिया ने अपने उदबोधन में कहा कि मैं केवल चुनाव के वक्त ही अपना चेहरा दिखाने नहीं आता हूँ अपितु पूरे पांच साल लगातार आपसे जीवंत संपर्क बनाए रखता हूँ। मैं आपके सुख दुख में हमेशा अपने आपको शरीक करता हूँ। अगर आप पर कोई संकट आता है तो यहां शिवराज सिंह या भाजपा का नेता नहीं आएगा सिर्फ आपका अपना ज्योतिरादित्य सिंधिया आपके दरवाजे पर दस्तक देने आएगा। श्री सिंधिया ने कहा कि मुंगावली, चंदेरी, अशोकनगर सहित पूरे क्षेत्र में गांव-गांव में सडक़ों का जाल बिछा दिया है जिससे किसानों को अपनी कृषि उपज लाने ले जाने में और आवागमन में दिक्कत नहीं होती। दो घण्टे का रास्ता अब आधे घण्टे में तय हो जाता है। श्री सिंधिया ने कहा कि मेरा आपका विकास और प्रगति का रिश्ता है। बिना किसान की चिंता किये देश का विकास संभव नहीं। 5 साल केंद्र में भाजपा की सरकार रही। नरेंद्र मोदी पूरी दुनिया का चक्कर लगा आये, विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के साथ सूटबूट में फोटो खिंचाते रहे पर कभी किसान के खेत पर आने की फुर्सत नहीं मिली। 15 साल शिवराज सरकार और उनके 40 मंत्री सत्ता का सुख भोगते रहे और किसानों के हक मांगने पर गोलीं चलाते रहे। कभी किसान का दर्द जानने खेतों तक नहीं आये। भाजपा के नेता केवल चुनाव के समय दर्शन देने वाले दर्शनाभिलाषी लोग हैं। श्री सिंधिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा का एक ही नारा है जनता को दिखा दो सपना और पराया माल अपना। श्रीमन्त सिंधिया ने कहा कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में आपने शिवराज सिंह का बोरी बिस्तर बांध दिया था उसी तरह अब 12 मई को होने वाले मतदान के जरिये सूट-बूट वाले प्रधानमंत्री का बोरी बिस्तर आपको बांधना है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस अपने घोषणापत्र के अनुसार किसानों के कर्ज को माफ करने के लिए वचनबद्ध है आपको भाजपा के झूठे प्रचार से बचना होगा। किसानों के कर्ज की एक एक पाई माफ होगी। ये ज्योतिरादित्य सिंधिया का वचन है। चुनावी सभाओं में उमड़े जनसैलाब देखते हुए मुझे ऐसा लग रहा है कि गुना शिवपुरी क्षेत्र की जनता ने भी सिंधिया जी को देश की पांच बम्पर वोट से जिताने वाली सीटों में शामिल कर लिया है। इस जनसंपर्क में चंदेरी विधायक गोपाल सिंह चौहान, मुंगावली विधायक ब्रजेंद्र सिंह यादव, जग्गनाथ सिंह रघुवंशी, साध्वी राम सिया भारती, जिलाध्यक्ष कन्हईराम लोधी, अमरीश बैस, रामकृष्ण जमाखेड़ी उपस्थित रहे।
