बिहार: पीएम मोदी की सभा को निशाना बना सकते हैं लश्कर आतंकी, अलर्ट जारी

पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज चम्पारण में अपराह्रन करीब सवा तीन बजे रामनगर से पांच किमी दूर हरिनगर चीनी मिल के बंजरिया फार्म में एनडीए की विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां एक घंटा 10 मिनट तक रहेंगे। पीएम की इस सभा को लश्कर आतंकी अपना निशाना बना सकते हैं। आतंकी हमले की सूचना के बाद अलर्ट जारी किया गया है।
आतंकी हमले की सूचना, अलर्ट जारी
पश्चिमी चम्पारण जिला के गोपनीय शाखा द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि पीएम मोदी को पाकिस्तानी एवं कश्मीरी आतंकवादियों से विशेष खतरा है। इसके साथ ही राष्ट्र विरोधी तत्वों, मुस्लिम कट्टरपंथियों और विभिन्न आतंकवादी संगठनों के निशाने पर भी पीएम मोदी हैं। वे मौके की तलाश में हैं और जरा सी चूक होने पर भी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
इस पत्र में जिन आतंकवादी संगठनों का जिक्र है इनमें लश्कर ए तैयबा, जैश ए मोहम्मद, हिजबुल मुजाहिदीन, अल उमर मुजाहिदीन, हरकत उल मुजाहिदीन, हरकत अल जिहाद ए इस्लामी, इंडियान मुजाहिदीन, जेकेएलएफ, सिमी, तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान, साहिन फोर्स के नाम शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभा स्थल और आसपास के इलाके एसपीजी के घेरे में है। अग्निशमन दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच चुकी है। सभा स्थल के पास 2000 जवानों की ड्यूटी है। दोपहर से शाम पांच बजे तक रामनगर गोवर्धना मुख्य पथ पर वाहनों के आवागमन रोक रहेगी।
आइजी ने लिया सभा स्थल का जायजा
शुक्रवार को तिरहुत प्रक्षेत्र के आइजी नैयर हसनैन खान ने सभा स्थल का जायजा लिया। उन्होंने डीआइजी, डीएम व बगहा, बेतिया एसपी को जरूरी दिशा निर्देश दिए। भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। वाल्मीकिनगर के जंगल में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2014 में भी पीएम मोदी रामनगर आए थे।
आज की रैली को सम्बोधित करने के लिए पीएम मोदी दिल्ली से विशेष विमान से पहले गोरखपुर पहुंचेंगे। फिर वे वायुसेना के चौपर से रामनगर जाएंगे।
एनडीए प्रत्याशियों के लिए पीएम मोदी करेंगे वोट अपील
पीएम नरेंद्र मोदी आज वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण व शिवहर के एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से मतदान की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित अन्य नेता भी सभा को संबोधित करेंगे।
सांसद सतीश चंद्र दूबे ने बताया कि श्रोताओं के बैठने के लिए जर्मन हैंगर तकनीकी से पंडाल बना है। आंधी व बारिश से यह पंडाल सुरक्षित है। 20 फीट ऊंचे मंच से पीएम सभा को संबोधित करेंगे। 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। तीन हेलीपैड बने हैं। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह ने बताया कि 40 कार्यकर्ताओं की टीम पीएम का स्वागत करेगी।
