कांग्रेस में राहुल, प्रियंका औऱ सिद्धू की डिमांड, गठबंधन को मोदी और सनी देयोल पर भरोसा

संसदीय सीट जालंधर के प्रचार में अब तक स्टार नेता नजर नहीं आया है। प्रमुख दलों के प्रत्याशी बेशक दो माह से प्रचार में डटे हैं लेकिन आधिकारिक रूप से प्रचार अभियान शुक्रवार को ही शुरू हुआ है। ऐसे में अगले 15 दिन में कई प्रचारक पंजाब के वोटरों को लुभाने आ सकते हैं।
स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कांग्रेस के 40 नेता हैं। जिनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा, राज बब्बर, अशोक गहलोत, शीला दीक्षित शामिल हैं। भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा प्रधान अमित शाह बड़े स्टार प्रचारक हैं। इसके अलावा धर्मेद्र, हेमा मालिनी, स्मृति ईरानी समेत और भी कई स्टार प्रचार अकाली-भाजपा का बेड़ा पार लगाने आ सकते हैं। आम आदमी पार्टी के लिए अरविंद केजरीवाल और बसपा प्रमुख मायावती भी स्टार प्रचारक के तौर पर आ सकती हैं।
जालंधर सीट पर कांग्रेस के कई स्टार प्रचारक आ सकते हैं। केंद्र से पार्टी प्रधान राहुल गांधी, प्रियंका गंधी वाड्रा, राज बब्बर की ज्यादा डिमांड है जबकि पंजाब के नेताओं में से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिद्धू और मनप्रीत बादल का प्रोग्राम करवाने की डिमांड है। यह डिमांड सिर्फ जालंधर ही नहीं बल्कि पंजाब की सभी सीटों से आ रही है। जालंधर सीट के लिए पंजाब कांग्रेस की प्रभारी आशा कुमारी से भी समय मांगा है। कांग्रेस ने पंजाब के लिए 40 स्टार कंपेनर की सूची तय की है। इनमें सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, शीला दीक्षित, रंजीता रंजन के नाम भी शामिल हैं।
बड़े बादल नहीं कर पाएंगे मीटिंग और रैलियां
अकाली-भाजपा उम्मीदवारों के लिए स्टार प्रचारक हमेशा ही पार्टी के सबसे बड़े नेता प्रकाश सिंह बादल ही रहे हैं। इस बार भी बादल ही सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं लेकिन वह ज्यादा रैलियां या मीटिंग नहीं कर पाएंगे। सुखबीर बादल भी स्टार प्रचारक हैं लेकिन वह खुद भी चुनाव लड़ रहे हैं। बिकमजीत सिंह मजीठिया की भी डिमांड है क्योंकि वह यूथ को एक्टिव करने का काम कर सकते हैं। पार्टी को इसके अलावा इस बार फिल्म स्टार सनी देयोल का बड़ा सहारा रहेगा। भीड़ जुटाने में वह बड़ा फैक्टर साबित हो सकते हैं। सन्नी देयोल के लिए गुरदासपुर सीट पर कई फिल्म स्टार आ सकते हैं और यह अकाली दल की सीटों पर भी फायदा पहुंचा सकते हैं।
केजरीवाल का हो सकता है रोड शो
रिटायर्ड जस्टिस जोरा सिंह के अभियान में सबसे बड़े स्टार प्रचारक पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केंजरीवाल होंगे। जालंधर में केजरीवाल का रोड शो करवाया जा सकता है। इसके अलावा इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से मीटिंग के लिए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से भी समय लिया जाएगा। पार्टी के पंजाब प्रमुख भगवंत मान खुद संगरूर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उनके जालंधर में एक रैली करने की संभावना है।
बसपा के लिए गठबंधन नेता करेंगे प्रचार
बसपा नेता बलविंदर कुमार पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस के साङो उम्मीदवार हैं। बसपा प्रमुख मायावती हर चुनाव में पंजाब में रैली करती हैं। इस बार यह रैली कहां होगी अब तय नहीं है। जालंधर में रैली हुई तो बलविंदर को फायदा मिलेगा। लोक इंसाफ पाटी के बैंस ब्रदर्स, पंजाब एकता पार्टी के सुखपाल खैहरा भी प्रचार के लिए आएंगे।
