भरतपुर में व्यापारी का अपहरण, अपहर्ताओं ने मांगी 20 लाख रुपए की फिरौती

भरतपुर में शुक्रवार देर रात का एक व्यापारी का अपहरण कर लिया गया. अपहरणकर्ताओं ने व्यापारी को छोड़ने एवज में 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी है. घटना के बाद अभी तक व्यापारी का पता नहीं चल पाया है. वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारी आक्रोशित हो गए हैं. आक्रोशित व्यापारी बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार व्यापारी के अपहरण की वारदात कामां इलाके में शुक्रवार देर रात को हुई थी. वहां एक गाड़ी में सवार होकर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने बरसाना रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास से व्यापारी विकास गुलाटी का अपहरण कर लिया. विकास गुलाटी अपने नौकर के साथ पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए गए थे. उसके बाद अपहरणकर्ताओं ने गुलाटी के परिजनों को फोन करके उसे छोड़ने की एवज में शनिवार को सुबह 11 बजे तक 20 लाख रुपए की फिरौती पहुंचाने की धमकी दी. इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया, लेकिन पुलिस शनिवार को सुबह तक व्यापारी का कोई सुराग नहीं लगा पाई.
इससे व्यापारी आक्रोशित हो गए. पुलिस की कार्यशैली से नाराज आक्रोशित व्यापारी सुबह बाजार में एकत्र हो गए. व्यापारियों ने बाजार बंदकर आक्रोश जताने की तैयारी की है. दूसरी तरफ पुलिस व्यापारी और अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है, लेकिन उसे अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है.
