जीत के साथ ही दिल्ली दूसरे नंबर पर, राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया

नई दिल्ली । आईपीएल के सुपर सिक्स राउंड से पहले अपने अंतिम लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 115 रन बनाए जिसके जवाब में दिल्ली ने १७ वें ओवर की पहली गेंद पर 121 रन बनाकर मैच जीत लिया। 116 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम धमाकेदार बल्लेबाजी नहीं कर सकी। चौथे ओवर में ईश सोढ़ी ने शिखर धवन और पृथ्वी शा को लगातार दो गेंदों में आउट करके दिल्ली को बैकफुट पर ला दिया। उस वक्त स्कोर 28 रन था। धवन का कैच रियान पराग ने पकड़ा। उन्होंने 12 गेंद में 16 रन बनाए और 2 चौके मारे। पृथ्वी शॉ 8 गेंद में एक चौके की सहायता से 8 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद रन गति धीमी हो गई, किंतु लक्ष्य बड़ा नहीं था। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने 25 गेंदों में 29 रन की साझेदारी करके मैच आगे बढ़ाया। अय्यर को आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर श्रेयस गोपाल ने लिविंगस्टोन के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 9 गेंदों में 15 रन बनाए। कॉलिन इंग्राम बहुत धीमा खेलें उन्होंने 23 गेंदों में 12 रन का योगदान दिया सोढ़ी ने उन्हें अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच करा दिया। क्रीज पर आए और रदरफोर्ड ने 1 छक्के की सहायता से 6 गेंदों में 11 रन बनाए। लंबा शॉट लगाने के चक्कर में श्रेयस गोपाल की गेंद पर वे लिविंगस्टोन को कैच दे बैठे। ऋषभ पंत 38 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद रहे उन्होंने दो चौके और 5 छक्के लगाए। अक्षर पटेल 1 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली कैपिटल्स ने 23 गेंद शेष रहते 5 विकेट से मैच जीत लिया। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से सोढ़ी ने तीन और श्रेयस गोपाल ने दो विकेट लिए।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला राजस्थान रॉयल्स को महंगा पड़ा। शुरुआती 4 विकेट 30 रन के भीतर ही गिर गए। अजिंक्य रहाणे 4 गेंदों में 2 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर शिखर धवन द्वारा कैच कर लिए गए। लिविंगस्टोन ने थोड़ा संघर्ष किया लेकिन 13 गेंदों में 14 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर बोल्ड हो गए। संजू सैमसन से अच्छी पारी की उम्मीद थी किंतु पृथ्वी शॉ ने उन्हें रन आउट कर दिया। सैमसन ने 8 गेंदों में मात्र 5 रन बनाए। महिपाल ने 3 गेंदों में जब दो चौके मारे तो लगा कि धमाकेदार पारी खेलेंगे लेकिन अगली ही गेंद पर ईशान शर्मा ने उन्हें ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। विकेट लगातार गिर रहे थे, श्रेयस गोपाल भी धीमा खेलते हुए 18 गेंदों में 12 रन बनाकर अमित मिश्रा की गेंद पर ऋषभ पंत द्वारा स्टंप कर दिए गए। स्टुअर्ट बिन्नी खाता नहीं खोल सके उन्हें अमित मिश्रा ने पंत के हाथों कैच कराया। कृष्णप्पा गौथम एक चौके की सहायता से 6 गेंदों में 6 रन बना पाए अमित मिश्रा ने उन्हें इशांत शर्मा के हाथों ने कैच करा दिया। सोढ़ी का विकेट ट्रेंट बोल्ट ने लिया। उन्हें अमित मिश्रा ने कैच किया। राजस्थान रॉयल्स के लिए एकमात्र सधी हुई पारी रियान पराग ने खेली जिन्होंने 49 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की सहायता से नाबाद 50 रन बनाए। वरुण आरोन 7 गेंदों में 3 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की तरफ से ईशान शर्मा और अमित मिश्रा ने तीन-तीन विकेट लिए। बोल्ट को दो विकेट मिले।
