ताजमहल पर हुआ गोल्‍डी काइरोनोमस का हमला, ताज हो रहा बदरंग

मोहब्बत की निशानी ताजमहल की सुरक्षा और देखरेख में लगे अधिकारियों की नींद आजकल उड़ी हुई है. इसकी वजह है गोल्डी काइरोनोमस. पिछले कुछ दिन से गोल्डी काइरोनोमस लगातार ताजमहल पर हमला कर रहा है. ताज के सफेद पत्थर को बदरंग बना रहा है. जिसके चलते जगह-जगह से ताजमहल हरा दिखाई देने लगा है. विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा तो गोल्डी काइरोनोमस का हमला और तेज होने की उम्मीद है.

पानी से निकलता है गोल्डी काइरोनोमस

आगरा के ही प्रोफेसर आरएस चौहान का कहना है कि गोल्डी काइरोनोमस दलदली जगह में पैदा होता है. ताजमहल यमुना के किनारे बना हुआ है. जैसे ही गर्मियों में पानी कम होता है और यमुना में कीचड़ और काई जैसी दलदल बनने लगती है तो गोल्डी काइरोनोमस तेजी से पनपने लगता है. ये काई के रंग जैसा ही हरे रंग का होता है.

इस तरह ताजमहल को पहुंचा रहा है नुकसान

आरएस चौहान का कहना है कि हर रंग के इस कीड़े गोल्डी काइरोनोमस को दूसरे रंग बहुत प्रभावित करते हैं. ताजमहल की दीवारों पर रंग-बिरंगे नक्कशी वाले फूल बने हुए हैं. फूलों के रंग ही गोल्डी काइरोनोमस कसे अपनी ओर आकर्षित करते हैं. जब गोल्डी काइरोनोमस इन फूल पर बैठता है तो वहां ये मल त्याग भी करता है. इसके मल का रंग भी हरा होता है. ये ही मल ताज की दीवारों पर चिपक रहा है और उसे हरे रंग का बना रहा है.

यूपीपीसीबी की रिपोर्ट ने बढ़ाई परेशानी
हाल ही में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ने वर्ष 2018 की वार्षिक रिपोर्ट जारी की है. यूपीपीसीबी ने बताया कि यमुना सबसे ज्यादा गंदी ताजमहल के पास ही है. जिसकी एक बड़ी वजह पानी की कमी भी है. यहां यमुना ज्यादातर दलदली हालत में रहती है. जिसके चलते ये कीड़ा पनपता है. जबकि यमुना में जल्द ही भरपूर पानी आने के कोई हालात अभी नहीं दिखाई दे रहे हैं.  सुप्रीम कोर्ट की कमेटी भी गंदे हो रहे ताजमहल पर चिंता जता चुकी है.
 

Leave a Reply