Lok Sabha Election: शकील अहमद व भावना झा कांग्रेस से निलंबित, तेजस्वी ने किया स्वागत

पटना । कांग्रेस ने आखिरकार पूर्व मंत्री शकील अहमद पर कार्रवाई कर ही दी। कांग्रेस के आलाकमान के दिर्नेश पर पार्टी के महासचिव मोतीलाल वोरा ने शकील अहमद को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। इनके साथ निलंबन की गाज बेनीपट्टी की कांग्रेस विधायक भावना झा पर भी गिरी है। भावना झो को भी छह साल के लिए निलंबित किया गया है। इधर मीडिया में आ रही खबर के अनुसार नेता प्रतिपक्ष ने शकील अहमद पर कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि शकील अहमद की शिकायत हमने राहुल गांधी से की थी।
मधुबनी से हैं निर्दलीय प्रत्याशी
दरअसल, पार्टी से बगावत कर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शकील अहमद ने मधुबनी से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। मधुबनी में सोमवार को वोटिंग होनी है। कांग्रेस को उम्मीद थी कि शकील अहमद खुद ही मैदान से हट जाएंगे। लेकिन पांचवें चरण का प्रचार खत्म होने के बाद भी वे मैदान में डटे हुए हैं। रविवार को भी वे जनसंपर्क में लगे रहे। इसके बाद रविवार को ही कांग्रेस ने कार्रवाई करते हुए शकील अहमद को छह साल के निलंबित कर दिया। पार्टी गतिविरोधी कार्रवाई के लिए उन्हें निलंबित किया गया है। साथ ही पार्टी गतिविरोधी कार्रवाई में शामिल होने को लेकर बेनीपट्टी की विधायक भावना झा को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित किया गया है।
कांग्रेस का समर्थन चाहते थे शकील
नामांकन के बाद डॉ. शकील अहमद को उम्मीद थी कि कांग्रेस उसका अपरोक्ष रूप से समर्थन करेगी। उनका मानना था कि महागठबंधन के तहत सुपौल कांग्रेस के हिस्से में है, लेकिन वहां कांग्रेस प्रत्याशी रंजीत रंजन के विरुद्ध राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक नेता ने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। राजद ने उसका समर्थन भी कर दिया। इससे शकील अहमद को भी उम्मीद थी कि मधुबनी में उनका पार्टी समर्थन करेगी। लेकिन कांग्रेस ने उनकी बात नहीं मानी और कार्रवाई की। हालांकि पार्टी ने उन्हें निलंबित किया है, जबकि चर्चा थी कि उन्हें निष्कासित किया जा सकता है।
तेजस्वी ने किया स्वागत
बता दें कि मधुबनी वीआइपी के कोटे में गया है। वहां से पार्टी ने बद्री पूर्वे को मैदान में उतारा है। इधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शकील अहमद पर की गई कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने मीडिया से कहा कि यही कार्रवाई की गई है। शकील अहमद काफी दिनों से पार्टी विरोधी गतिविरोधियों में लगे हुए थे। इसकी शिकायत हमने कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी से की थी।
