महाराष्ट्र भाजपा बोली- अगला चुनाव शिंदे के नेतृत्व में लड़ेंगे

मुंबई । महाराष्ट्र भाजपा ने शनिवार को कहा कि पार्टी अगला विधानसभा चुनाव शिवसेना (शिंदे गुट) अध्यक्ष और राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ेगी। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीएम चेहरा बनाने की अटकलों को खारिज कर दिया।
दरअसल, शुक्रवार को महाराष्ट्र भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फडणवीस का एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें फडणवीस ने कहा था- मैं नए महाराष्ट्र के निर्माण के लिए फिर से वापस आऊंगा। इस वीडियो के बाद चर्चा होने लगी कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फडणवीस को सीएम चेहरा बना सकती है। हालांकि, भाजपा ने दो घंटे बाद ही यह वीडियो डिलीट कर दिया। इसे लेकर चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पार्टी के किसी उत्साही कार्यकर्ता ने फडणवीस का पुराना वीडियो शेयर कर दिया था। बावनकुले ने कहा- फडणवीस के वीडियो को लेकर कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। हम आगामी लोकसभा चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़ेंगे। केंद्रीय नेतृत्व और देवेंद्र फडणवीस ने यही बात कही है।

Leave a Reply