दुर्घटना / ट्रक ड्राइवर ने नशे में 12 वाहनों को बुरी तरह से कुचल डाला

सूरत. जहांगीरपुरा में सोमवार की देर रात एक ट्रक ड्राइवर ने शराब के नशे में ट्रक को खूब भगाया। इस दौरान स्टीयरिंग से नियंत्रण खो जाने पर उसने 12 वाहनों को बुरी तरह से कुचल डाला। जहां यह दुर्घटना हुई, उस समय वहां करीब 100 लोग खड़े थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।

खेत में ट्रक उतारकर रिवर्स लाया
सोमवार देर रात यह घटना जहांगीरपुरा से डभोली की ओर जाते हुए ब्रिज के नीचे हुई। जहां से एक ट्रक लेकर ड्राइवर रमेश हीरा लुहार (42) गुजर रहा था। नशे में होने के कारण ढलान पर उसने स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया, फिर क्या था, वहां उसने दो कार और 10 बाइक्स को बुरी तरह से कुचल डाला। इसके बाद उसने ट्रक को खेत में उतार दिया। तब लोगों ने ड्राइवर को खूब पीटा। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक खेत में चला गया था, जहां से उसे रिेवर्स करके लाया गया।
नशे में धुत्त था ड्राइवर
पुलिस के अनुसार ड्राइवर नशे में पूरी तरह से धुत्त था। उसे यह तक पता नहीं था कि आखिर जिस ट्रक को वह चला रहा है, वह किसका है? एक कार चालक ने उसकी शिकायत जहांगीरपुरा पुलिस थाने में की। घटना के प्रत्यक्षदर्शी शैलेष रबारी ने बताया कि ईश्वर की कृपा से कोई घायल नहीं हुआ। ट्रक एक पिलर से टकराते हुए खेत में चला गया, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हो पाई। जब यह घटना हुई, तब वहां पर करीब 100 लोग मौजूद थे।

Leave a Reply