दिल्ली-एनसीआर में गर्म हवाओं के साथ चलेगी लू, ऐसा रहेगा मौसम

चक्रवाती तूफान फानी के बाद से लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां पूरे देश के अधिकांश भाग में गर्मी चरम पर है वहीं, दक्षिण इलाकों में बारिश की सम्भावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में सूर्य की तपन अभी और बढ़ने वाली है. गर्म हवाओं के साथ ही लू भी चलेगी. ऐसे में घर से बाहर निकलना मुश्किल होगा.
मौसम विभाग की माने तो केरल और दक्षिण कर्नाटक में हवा में नमी बनी हुई है. ऐसे में इन इलाकों में बारिश होने की पूरी संभावना है. साथ ही 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. कई जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है. कहा जा रहा है कि तटीय आंध्र प्रदेश में भी लू चलेगी. साथ ही पश्चिमी राजस्थान, विदर्भ, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुद्दुचेरि के कुछ इलाकों में भीषण लू चलने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में गर्मी सबसे ज्यादा पड़ने वाली है. आने वाले दिनों में गर्मी का तांडव यूं ही जारी रहेगा. इससे दिल्ली- एनसीआर में पारा में लगातार वृद्धि होगी. वहीं, पंजाब और हरियाणा में भी लू के आसार रहेंगे. इसी तरह यूपी-बिहार गर्मी कहर बरपाएगी. देश के अन्य कई हिस्सा में चिलचिलाती धूप देखने को मिलेगी.
