शादी के लिए दुल्हन के घर पहुंचने से पहले पुलिस हिरासत में पहुंचा दूल्हा

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में शादी की रस्मों के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे को हिरासत में लेने पुलिस पहुंच गई. दूल्हे को शादी से एक रात पहले पुलिस हिरासत में बितानी पड़ी. मामला कवर्धा जिले के लोहारा थाने के कल्याणपुर गांव का है. शादी के एक दिन पहले दूल्हे की पहले से शादी होने का दावा करने वाली एक युवती उसके घर पुलिस को लेकर पहुंच गई थी.

युवती का दावा है कि लोहरा का रहने वाला अश्वनी साहू पहले से शादी-शुदा है. युवती ने दावा किया है कि उनकी शादी 26 जनवरी 2019 को रायपुर के बंजारी मंदिर में हो चुकी है. इसके बाद वो दूसरी शादी कर रहा है. युवती का दावा है कि लंबे समय तक प्रेम संबंध के बाद दोनों ने मंदिर में शादी की थी, लेकिन युवक अब दोबारा शादी करने जा रहा था. यवक की शादी 7 मई को होने वाली थी.

युवती ने पुलिस के सामने दावा किया है कि आरोपी दूल्हा और वह दुर्ग जिले के कुम्हारी में संचालित एक फार्मेसी कॉलेज में पढ़ाई करते थे. पांच सालों से उनके बीच प्रेम संबंध था. इसके बाद जनवरी में उन्होंने शादी भी की, लेकिन पिछले तीन महीने से अश्वनी साहू उससे दूर रहने लगा और उससे बातचीत में भी टाल मटोल करने लगा. इसके बाद बीते सोमवार को पता चला कि वह दूसरी शादी कर रहा है और सात मई को उसकी बारात निकलेगी. इस पर वो पुलिस के साथ उसके गांव पहुंची.

कवर्धा जिले के एसपी डॉ. उमेद लाल सिंह ने बताया कि मामला दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र से जुड़ा है. इसलिए यहां से जरूरी कार्रवाई के बाद कुम्हारी पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए मामला सौंपा जाएगा. युवती की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है.
 

Leave a Reply