योगी आदित्यनाथ ने साधा निशाना, ‘केजरीवाल दिल्ली के सीएम हैं या धरना प्रदर्शनों के नेता’

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक चुनावी रैली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि क्या आप प्रमुख शहर के प्रशासन के मुखिया है या फिर धरना प्रदर्शन के नेता हैं.
ईस्ट दिल्ली के बीजेपी उम्मीदवार गौतम गंभीर के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने ने कहा कि वह हिंडन एयर बेस पर उतरे और उसके बाद उन्होंने दिल्ली में प्रवेश किया लेकिन यहां वह सड़कों की हालात देख कर हैरान रह गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, आप सरकार ने दिल्ली को गड्डों के शहर में तब्दील कर दिया है और इस शहर के लोगों की भावनाओं को आहत किया है.
उन्होंने दावा किया, केजरीवाल को विकास से कुछ लेना देना नहीं है. केंद्र सरकार के साथ मिलकर दिल्ली को बेहतर बनाने में केजरीवाल की कोई दिलचस्पी नहीं है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप प्रमुख दिल्ली के मुखिया हैं या फिर धरना प्रदर्शन के.
उन्होंने कहा आप प्रमुख ने दिल्ली में सत्ता में आने से पहले कांग्रेस पर निशाना साधते थे लेकिन उसके बाद वह कांग्रेस के साथ ही गठबंधन की कोशिश करने लगे. बिना मूल्यों और आदर्शों के लोकतंत्र या राजनीति देश के लिए खतरनाक होते हैं.
