ICSE, ISC Result 2019: 10वीं में वारुणि, शांभवी व हर्षित तथा 12वीं में अनुष्‍का बिहार टॉपर

पटना । काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (ICSE) की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट मंगलवार को दोपहर बाद जारी कर दिया। इसके साथ ICSE बोर्ड ने 10वीं अौर 12वीं के टॉप थ्री की लिस्‍ट जारी कर दी। 10वीं में तीन बच्‍चे संयुक्‍त रूप से बिहार टॉपर बने हैं। ये पटना की वारुणि वत्‍स व शांभवी सिंह  तथा बांका के हर्षित राज हैं। वहीं 12वीं में पटना की अनुष्‍का दास गुप्‍ता बिहार टॉपर बनीं हैं।

रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट www.cisce.org और www.results.cisce.org पर अपलोड किए गए हैं। रिजल्ट को लेकर बिहार के आइसीएसई स्‍कूलों में दोपहर से ही चहल-पहल तेज हो गई थी। परीक्षार्थियों के साथ-साथ स्‍कूल प्रबंधन भी रिजल्‍ट आने को लेकर खुशी है।

ये बच्‍चे 10वीं की टॉप थ्री लिस्‍ट में शामिल
आइसीएसई की ओर से जारी टॉपरों की लिस्‍ट में 10 वीं में टॉप थ्री में पांच बच्‍चों ने जगह पाई है। पहले स्‍थान पर पटना के सेंट जोसेफ कॉन्‍वेंट की वारूणि वत्‍स, पटना के डॉन बास्‍को एकेडमी की शांभवि सिंह व बांका के सेंट जोसेफ स्‍कूल के हर्षित राज हैं। तीनों को 495 अंक मिले हैं। वहीं बांंका के ही सेंट जोसेफ स्‍कूल की इशा रानी सेकेंड टॉपर रही हैं। इशा को 494 अंक प्राप्‍त हुए हैं। दो बच्‍चों ने 493 अंक लाकर थर्ड टॉपर में जगह बनाई है। थर्ड टॉपर में दोनों बच्‍चे साक्षी डोकानिया व शांभवी शंकर भागलुपर की हैं। दोनों सेंट जोसेफ में पढ़ती थीं।  

ये बच्‍चे हैं 12वीं के टॉपर 
वहीं 12वीं में तीन बच्‍चे ही इस बार टॉप थ्री की लिस्‍ट में शामिल हो सके हैं। पहले स्‍थान पर पटना के सेंट जाेसेफ कॉन्‍वेंट हाइस्‍कूल की अनुष्‍का दास गुप्‍ता, दूसरे स्‍थान पर भागलपुर के माउंट एसीसी स्‍कूल की तिलक भारद्वाज और तीसरे स्‍थान पर पटना के सेंट जोसेफ की श्रेया अग्रवाल शामिल हैं। अनुष्‍का को 99 परसेेंट, तिलक को को 98.75 तथा श्रेया को 98.50 परसेंट अंक मिले हैं। 
पिछले साल से बेहतर रिजल्‍ट 
बोर्ड के मुख्य कार्यकारी सह सचिव गैरी अराथून ने बताया कि पिछले साल की तुलना में 10वीं और 12वीं का रिजल्ट बेहतर है। बिहार में 10वीं की परीक्षा में 4804 तथा 12वीं में 1,056 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। दोनों में क्रमश: 98.54 तथा 98.30 फीसद रिजल्ट रहा है। 10वीं की परीक्षा में 54.95 फीसद छात्र तो 12वीं में 62.78 फीसद छात्राएं शामिल हुईं थीं। दोनों कक्षाओं में छात्राओं का रिजल्ट छात्रों की तुलना में बेहतर है। 10वीं में 98.94 फीसद छात्राएं व 98.22 फीसद छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं में 98.34 फीसद छात्राएं व 98.22 फीसद छात्र पास हुए हैं। 
सीआइसीएसई ने पहली बार रिजल्ट के साथ-साथ कैटेगरी भी जारी की है। राज्य में 10वीं में अनुसूचित जाति के 98.99 फीसद, अनुसूचित जनजाति के 96.10 फीसद तथा ओबीसी कैटेगरी के 97.92 फीसद विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं में एससी के 97.22 फीसद, एसटी के 93.94 फीसद तथा ओबीसी के 99.09 फीसद परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। बिहार में सीआइसीएसई से 10वीं के लिए 34 तथा 12वीं के लिए 12 स्कूलों को मान्यता मिली है। 

यहां देखें रिजल्‍ट 
रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट www.cisce.org और www.results.cisce.org पर देखे जा सकते हैं। परीक्षार्थी एसएमएस (SMS) से भी रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपनी कक्षा के साथ यूनिक आइडी 09248082883 पर मैसेज करना होगा। आइसीएसई के मुख्य कार्यकारी और सचिव गैरी अराथून ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के 48 घंटे बाद छात्र इसे डिजी लॉकर से भी प्राप्त कर सकते हैं।

घट गए हैं पास मार्क्‍स 
पिछले साल सीआईएससीई) ने आइसीएसई ने 10वीं के लिए पास मार्क्‍स 35 फीसद से घटाकर 33 फीसद तथा 12वीं का पास मार्क्‍स 40 फीसद से घटाकर 35 फीसद कर दिए थे।
 

Leave a Reply