जेपी इन्फ्राटेक की दिवाला प्रक्रिया रहेगी जारी 

नई ‎‎दिल्ली । कर्ज के बोझ का सामना कर रही जेपी इन्फ्राटेक की दिवाला प्रक्रिया जारी रहेगी। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की इलाहाबाद पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की अगली तारीख 21 मई तय की है। प्रमुख बैंक आईडीबीआई ने इससे पहले दिवाला प्रक्रिया को तय समयसीमा जो कि सोमवार को समाप्त हो गई, से आगे बढ़ाने की अपील की थी। आईडीबीआई ने एनसीएलटी से कॉरपोरेट दिवाला निपटान प्रक्रिया (सीआईआरपी) को छह मई की समयसीमा से आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा था कि जेपी समूह की रीयल्टी कंपनी के लिए खरीदार की तलाश का काम अभी जारी है। जेपी इन्फ्राटेक के अंतरिम निपटान पेशेवर (आईआरपी) ने पिछले सप्ताह सूचित किया था कि ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) की बैठक नौ मई को होगी। जानकारी के मुता‎बिक सीओसी अब सार्वजनिक क्षेत्र की एनबीसीसी के जेपी इन्फ्राटेक के अधिग्रहण के प्रस्ताव पर विचार करेगी। जेपी इन्फ्राटेक जेपी समूह की प्रमुख कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स की अनुषंगी है।

Leave a Reply