राहुल बोले- चौकीदार ने भिंड के युवाओं की चोरी की

ग्वालियर. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार काे भिंड में चुनावी सभा में एक बार फिर चौकीदार चोर के नारे लगवाए। राहुल ने कहा- ये नारा कांग्रेस का नहीं, देश के युवाओं का है। सब जगह यही नारा चल रहा है। जहां भी चले जाओं लोग एक ही बात कह रहे हैं। मोदी खुद ही कहा था कि मैं चौकीदार बनना चाहता हूं। कहते थे- मेरा सीना 56 इंच का है। आपने कभी किसी गरीब के घर चौकीदार देखा, अनिल अंबानी के घर के बाहर चौकीदार होते हैं, उसमें नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं। इसके बाद मुरैना और फिर शाम को ग्वालियर के फूलबाग मैदान में उनकी सभा है।
भिंड के युवा आर्मी में जाते हैं, सीआरपीएफ, एयर फोर्स में भिंड के युवा देश की सुरक्षा में लगे हैं। मोदी जी ने इन्हीं युवाओं का पैसा लेकर अनिल अंबानी को दे दिया। 2 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलना था। चौकीदार ने भिंड के युवाओं से चोरी की है। राफेल केवल फाइटर प्लेन नहीं वो पूरा वेपन सिस्टम हैं। उन्होंने इसका रोजगार आपसे छीना और उसका कांट्रेक्ट अनिल अंबानी को दे दिया। भारत में बनने वाला फाइटर प्लेन अब फ्रांस में बनना है। मोदी जी मुझसे आंख से आंख नहीं मिला सकते।
महिलाओं के खाते में जाएगा पैसा: राहुल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 लाख 55 हजार करोड़ रुपए 15 लोगों को दे सकते हैं तो क्या कांग्रेस गरीबो को 72 हजार सालाना नही दे सकती है? कांग्रेस 2019 के चुनाव के बाद सरकार में आई तो 72 हजार रुपए महिलाओं के खाते में डालेंगे। मोदी ने 5 लाख 55 हजार करोड़ देश के उद्योगपतियों को देकर माफ किया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबन्दी और गब्बर सिंह टैक्स से लोगों का धंधा चौपट कर दिया है।
