योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कांग्रेस को देश की नहीं, पाकिस्तान की चिंता हो रही है’

शिवपुरी (मप्र): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को देश की नहीं बल्कि पाकिस्तान की चिंता हो रही है. योगी ने बुधवार को यहां बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस देश की जनता का वोट पाने की अधिकारी नहीं है क्योंकि उनको पाकिस्तान की चिंता है. जब भी भारत पर कोई आंच आती है तो राहुल गांधी को देश की पीडि़त मानवता की याद नहीं आती है.

उन्होने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका वाड्रा सहित कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'मैं तो सोचता था कि केवल राहुल गांधी ही झूठ बोलते हैं मगर अब तो कांग्रेस की शहजादी भी बहुत झूठ बोलने लगी है.' 

'मोदी सरकार ने सभी मोर्चों पर ईमानदारी से काम किया है'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में जब मोदी जी सामने आए तो उनके पीछे उनका गुजरात का काम था, उस काम का नाम था. मगर अब 2019 में उनके पांच साल का काम भी है और नाम भी है. मोदी सरकार ने वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने का काम हो, भारत की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने का काम हो…..सभी मोर्चों पर ईमानदारी से काम किया है

योगी ने आतंकवाद से निपटने के मुददे पर कहा कि 'दुनिया के दुर्दान्त आतंकवादी अजहर मसूद को अन्तर्राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित करने का काम भी मोदी सरकार के प्रयासों से ही सम्भव हो सका, अन्यथा यह मामला 2009 से लंबित पड़ा था. एक दिन अजहर मसूद भी ओसामा बिन लादेन की तरह मारा जाएगा. यह ताकत है भारत की जिसका अहसास भारत पूरी दुनिया को करा रहा है.' 

'अकेले पुलवामा में ही पचास से अधिक आतंकी ढेर किए जा चुके हैं' 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलवामा में हमारे 40 जवान शहीद हुए, तो अब तक अकेले पुलवामा में ही पचास से अधिक आतंकी ढेर किए जा चुके हैं, और आतंक की विषबेल कहां पर है, इस पर भी जोरदार कार्यवाही की गई है. उन्होंने कांग्रेस के 55 साल के कार्यकाल से मोदी के पांच साल के कार्यकाल की तुलना करते हुए मोदी के पांच साल के कार्यकाल को कांग्रेस के 55 साल पर भारी बताया.

Leave a Reply