PM मोदी ने कहा, ‘गांधी परिवार ने युद्धपोत INS विराट का इस्‍तेमाल ‘निजी टैक्सी’ की तरह किया’

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तो गांधी परिवार युद्धपोत आईएनएस विराट का उपयोग ‘‘निजी टैक्सी’’ के रूप में करता था. इससे पहले भी मोदी ने राजीव गांधी को ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ करार दिया था.

राजधानी में सात संसदीय सीटों के लिए 12 मई को होने वाले चुनाव से पहले यहां अपनी पहली रैली में मोदी ने कांग्रेस से सवाल किया कि जिस नेता के नाम से वे वोट मांगते हैं, जब उनके ‘‘कुकृत्यों’’ को बेनकाब किया जाता है तो वे क्यों सुलग जाते हैं? 

आम आदमी पार्टी पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने (आप) टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन किया और राष्ट्रीय राजधानी में शासन का नाकामपंथी मॉडल लेकर आए. वह रामलीला मैदान में दिल्ली में 2019 की पहली चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. उनके साथ राष्ट्रीय राजधानी में सातों सीटों के भाजपा के उम्मीदवार भी थे.
मोदी ने अपने भाषण में प्रदूषण नियंत्रण से लेकर यमुना नदी की सफाई, आतंकवाद से मजबूती से निपटने और मध्यम वर्ग के लिए रियायत के अलावा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रण में रखने के उपायों पर अपनी सरकार की नीति सहित कई मुद्दों को छुआ. उन्होंने दावा कि उन्होंने लोगों की जिंदगी को आसान बनाया है. उन्होंने कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया.

पीएम मोदी ने इससे पहले राजीव गांधी पर आरोप लगाया था कि उनका अंत ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ के रूप में हुआ. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राजीव गांधी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार और नौसेना ने उनके परिवार एवं ससुराल पक्ष की मेजबानी की और उनकी सेवा में एक हेलीकाप्टर को भी लगाया गया. 
 

Leave a Reply