भूलकर भी मत करना यहां निवेश, ब्याज तो छोड़िए जमा राशि भी नहीं मिलेगी

रायपुर। चिटफंड कंपनी पल्स ग्रुप (पीएसीएल) के निवेशक जमा राशि पाने के लिए रोजाना जिला पंचायत के चक्कर लगा रहे हैं। सर्वर डाउन होने की वजह से आवेदन करने कि लिए निवेशकों को घंटों विभाग में खड़े होकर धक्के खाना पड़ रहा है। वहीं फार्म भर चुके निवेशकों को जमा राशि कब तक मिलेगी, इसके बारे में विभाग के अधिकारियों के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। इससे निवेशक भी राशि की वापसी को लेकर चिंतित हो रहे हैं।

नईदुनिया की टीम ने पड़ताल में पाया कि मंगलवार को सेवा केंद्र खुले रहे, लेकिन निवेशकों की संख्या बुहत कम रही, क्योंकि निवेशकों को शायद इस बात की जानकारी नहीं है कि आखिरी तिथि 30 अप्रैल से बढ़ाकर 31 जुलाई तक कर दी है। अब लोग दो महीने तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं धक्के खा रहे लोगों का कहना है कि ब्याज तो छोड़िए, मूलधन ही मिल जाए तो चिंता काफी कम हो जाएगी।

रिश्तेदारों ने किया था जमा

पीएसीएल में राशि निवेश करने वाले अधिकांश लोग गरीब तबके के हैं। मजदूर, रिक्शा चालक, बाई, माली आदि कम आय वाले लोग जुड़े हैं। बातचीत के दौरान उनका यही कहना था कि उन्हें चिटफंड कंपनी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। गांव में आसपास लोग, रिश्तेदार ने जमा किया था इसलिए घर खर्च से बचत की हुई राशि को बेहतर भविष्य की सोच कर जमा कर दिया। अब तो वही पैसा मिल जाए तो बहुत है, ब्याज नहीं चाहिए।
अभनपुर में अधिक निवेशक

पैसे वापसी के लिए एक मार्च से चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में सबसे अधिक निवेशक अभनपुर ब्लाक से आए हैं। यहां के निवेशकों की कुल संख्या 858 है। रायपुर में 750, आरंग में 166, तिल्दा में 510 तो धरसींवा में 40 निवेशकों ने आवेदन किए हैं।
कुल मिलाकर 2324 निवेशकों के कागजात जमा हो गए हैं। इनकी बांड राशि की बात किया जाए तो लगभग डेढ़ लाख से लेकर तीन लाख रुपये तक है। अब तारीख बढ़ा दी गई है तो आवेदन करने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।

ब्लाक में बनाया गया सेवा केंद्र
निवेशकों की जमा राशि वापस कराने के लिए जिले के समस्त विकासखंडों के प्रोग्रामर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर्स को पीएसीएल (पल्स ग्रुप) मामले में ऑनलाइन आवेदन तथा वेबसाइट के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया है।

तिल्दा, रायपुर, धरसींवा, अभनपुर, आरंग ब्लाक में सेवा केंद्र बनाया गया है। यहां निवेशक जरूरी दस्तावेज के साथ पहुंचकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदनों से ऑनलाइन आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाना है।
आवेदन के लिए ये चीजें जरूरी

जिला प्रशासन द्वारा निवेशकों के आवेदन को ऑनलाइन भरने के लिए सभी जनपदों में मुफ्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है। निवेशकों को आवेदन ऑनलाइन करते समय अपना पीएसीएल सर्टिफिकेट, रसीद, पैन कार्ड, अपने बैंक खाते की जानकारी (कैंसिल चेक की प्रति, बैंक पासबुक) एवं पीएसीएल द्वारा दी गई रसीद की प्रति साथ रखनी होगी।
 

Leave a Reply