लोकतंत्र के महायज्ञ में दिग्गजों की भी आहुतियां, दिखा रोचक नजारा

लोकतंत्र के महायज्ञ में रविवार को आम मतदाताओं के साथ दिग्गजों ने भी अपनी आहुतियां डालीं। इस दौरान बेहद रोचक नजारा दिखा जब आम लोेगों के साथ मतदान करने के लिए कतारों में लगे थे। Lok Sabha Election 2019 में हरियाणा में चुनावी रण में उतरे प्रत्याशियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री मनोहरलाल सहित अन्य नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने करनाल में मतदान किया तो पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने पैतृक गांव राेहतक के सांघी में मतदान किया। राज्य के मंत्रियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान किए। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व अंबाला से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा और किरण चौधरी ने भी वोट डाले।
मुख्यमंत्री मनोहर सहित सभी मंत्रियों, सांसद-विधायकों और प्रत्याशियों ने पहले घंटे में किया मतदान
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सुबह 8.50 बजे करनाल में मतदान किया। उन्होंने करनाल के प्रेमनगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में बने बूथ संख्या 174 पर वोट डाला। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी पहले मतदान करने वालों में शामिल हैं। उन्होंने सुबह करीब आठ बजे महेंद्रगढ़ में अपने पैतृक गांव राठीवास में मतदान किया। उन्होंने बूथ न 88 में मतदान किया।
परिवार के साथ वोट डालने के लिए कतार में लगे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
कैबिनेट मंत्री कविता जैन और सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने डाला प्रदेश में सबसे पहले वोट
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी आैर उनकी पुत्री व भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी श्रुति चौधरी ने भिवानी में वोट डाला। इसी सीट से भाजपा के उम्मीदवार धर्मवीर सिंह ने भी पत्नी के साथ मतदान किया। कैबिनेट मंत्री कविता जैन और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने प्रदेश में सबसे पहला वोट डाला। इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला भी मतदान के लिए पहुंचे। सभी दलों के प्रत्याशी मतदान के पहले दो घंटे में ही वोट डाल चुके थे।
राजनेताओं के साथ ही ज्यादातर वीवीआइपी हस्तियों में मतदान को लेकर खासा क्रेज दिखा। कैप्टन अभिमन्यु ने खांडा खेड़ी, ओम प्रकाश धनखड़ ने ढाकला, अनिल विज ने अंबाला, राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम, कृष्ण लाल पंवार ने इसराना, विपुल गोयल ने फरीदाबाद में मतदान के पहले ही चरण में वोट डाल दिया।
राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर, कृष्ण कुमार, कर्ण देव कंबोज और डॉ. बनवारी लाल तथा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला भी सुबह दस बजे तक मतदान कर चुके थे। कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने कैथल में अपनी जीत के लिए भगवान शिव की आराधना करने के बाद वोट डाला।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी पत्नी आशा हुड्डा और बेटे दीपेंद्र व पुत्रवधू हेमश्वेता के साथ पैतृक गांव सांघी में मतदान किया। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल मतदान के लिए विशेष रूप से सिरसा पहुंचे। पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने बेटे सिद्धार्थ बिश्नोई और परिजनों के साथ पंचकूला में मतदान किया। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और हिसार सीट से भाजपा प्रत्याशी उनके बेटे बृजेंद्र सिंह ने अपने गांव डूमरखां में लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति डाली।
विराट की मां और भाभी ने ली सेल्फी, मल्लेश्वरी ने दिखाई स्याही
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की मां और भाभी ने गुरुग्राम में वोट डाल कर सेल्फी ली। अंतरराष्ट्रीय वेट लिफ्टर कर्णम मल्लेश्वरी ने यमुनानगर में मतदान के बाद वोट की स्याही दिखाते हुए फोटो खिंचवाया। भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति संगठन के संयोजक डॉ. जयदीप आर्य लोकतंत्र के महायज्ञ में शामिल होने को परिवार सहित हरिद्वार से करनाल पहुंचे।
हुड्डा सहित नौ प्रत्याशी खुद के लिए नहीं डाल सके वोट
चुनावी रण में उतरे मुख्य सियासी दलों के आठ उम्मीदवार ऐसे भी रहे जो खुद के लिए ही वोट नहीं डाल पाए। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, हरियाणा के राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला, अर्जुन सिंह चौटाला व नवीन जयहिंद शामिल हैं।
सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा का वोट रोहतक के सांघी में है। करनाल से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा ने सोनीपत में तो कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला के नारायणगढ़ में वोट दिया। रोहतक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा ने करनाल और कुरुक्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल सिंह ने अंबाला में वोट दिए, जहां के वे मतदाता हैं। हिसार से जेजेपी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला, सोनीपत से जेजेपी उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला और कुरुक्षेत्र से इनेलो उम्मीदवार अर्जुन सिंह चौटाला भी अपने लिए वोट नहीं डाल सके। उन्होेंने सिरसा में मतदान किए। फरीदाबाद में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नवीन जयहिंद ने रोहतक में मतदान किया।
