चूरू निर्वस्त्र महिला केस: जेठ, जेठानी, सास और देवर सब जेल में, वीडियो बनाने वाला भी गिरफ्तार

राजस्थान की चूरू पुलिस ने रविवार को निर्वस्त्र महिला केस में आपत्तिजन सोशल मीडिया (Whatsapp) पर शेयर करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है. चूरू के बीदासर कस्बे के भवानीशंकर पर निर्वस्त्र महिला के वीडियो बनाने और वायरल करने का आरोप है. इससे पहले रविवार को जेठ-जेठानी और सास से परेशान 28 वर्षीय महिला निर्वस्त्र होकर थाने पहुंची थी. इस दौरान पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और फोटो डिलीट करवाते हुए चेतावनी दी थी कि महिला के आपत्तिजनक वीडियो-फोटो लेना और शेयर करने वाले पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार को ही उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था. देर रात पीड़िता की सास विमला, जेठानी सुनिता, जेठ सम्पत और देवर छोटू को प्रताड़ना और लज्जा भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. बीदासर पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल (न्यायिक अभिरक्षा) भेज दिया गया है. महिला के पति को घटना की जानकारी दे दी गई है लेकिन वो अभी बीदासर नहीं पहुंचा है.
महिला की ओर से दर्ज मामले में ससुराल पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है. सभी को जेल भेज दिया गया है. वीडियो वायरल करने वाले आरोपी पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
