ससुराल गए व्यक्ति के संदिग्ध मौत, पीट-पीटकर हत्या करने की आशंका

दौसा के बीनावाला गांव से अलवर के खोदरीबा गांव में ससुराल गए एक व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला सामने आया है, मृतक के शरीर पर जगह जगह है चोट के निशान हैं. वहीं मृतकों के परिजनों का आरोप है कि उसके ससुराल के लोगों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी. वहीं घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक रविवार रात ससुराल पक्ष के 5 लोग तीन मोटरसाइकिलों से मृतक छगन लाल मीणा को लेकर उसके गांव बीनावाला पहुंचे और वहां शव रखकर जाने लगे, लेकिन इसी दौरान मृतक के परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद सैंथल थानाधिकारी राजपाल सिंह और दौसा डीएसपी अकलेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में भिजवाया साथ ही पूरे मामले की जानकारी टहला थाना पुलिस को भी दी.
मृतक छगनलाल के भाई मातादीन मीणा ने बताया कि छगनलाल 11 मई को ससुराल में एक शादी समारोह में भाग लेने गया था. उसी दौरान ससुराल में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद भी हुआ था. वहीं रविवार रात 8 बजे ससुराल के कुछ लोग उसके शव को लेकर गांव बीनावाला आए थे. मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं. ऐसे में मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाते हुअ कहा कि ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या की है. फिलहाल मृतक के भाई ने आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की है.
