सेल्फ ड्राइव के नाम पर 2 कार लेकर फरार शख्स राजस्थान से गिरफ्तार

अहमदाबाद | शहर के इस्कॉन चौराहे के निकट निजी कंपनी से सेल्फ ड्राइव के नाम 2 कार लेकर फरार शख्सों को पुलिस ने राजस्थान के सांचोर से गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही शुरू की है| जानकारी के अनुसार अहमदाबाद के वासणा क्षेत्र निवासी मनन शाह शहर के इस्कॉन चौराहे के निकट वेले कार प्राइवेट लिमिटेड कंपनी चलाते हैं| यह कंपनी सेल्फ ड्राइव के लिए कार किराए पर देती है| गत 20 अप्रैल को हेमंत घनश्याम दास नामक शख्स मनन शाह की कंपनी में पहुंचा और उसने राजस्थान जाने के लिए दो दिन कार किराए पर मांगी| मनन शाह ने हेमंत के लाइसंस का ब्यौरा प्राप्त कर लिया और रु. 9 लाख की कीमत की स्कोर्पियो कार जीपीएस सिस्टम एक्टिव कर उसे दे दी| लेकिन दो दिन बीत जाने के बावजूद हेमंत कार वापस देने नहीं लौटा| बाद में गत 9 मई को राजस्थान निवासी प्रकाश मीणा भी किराए पर कार लेने मनन शाह के पास पहुंच गया| मनन शाह ने प्रकाश मीणा से डोक्यूमेंट लिए और इनोवा कार उसे दे दी| हेमंत की तरह प्रकाश मीणा में भी कार लेकर गायब हो गया| जिसके बाद मनन शाह ने सेटेलाइट पुलिस थाने में हेमंत और प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया| हेमंत और प्रकाश के लाइसंस पर पता राजस्थान का था और पुलिस को आशंका थी कि दोनों ही एक गिरोह के सदस्य थे| मनन शाह की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने हेमंत और प्रकाश को राजस्थान के सांचोर से गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू की है|
