पांच आई लीग क्लबों पर जुर्माना

नई दिल्ली । अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की अनुशासनात्मक समिति ने पांच आई लीग क्लबों पर 10-10 लाख रूपये का जुर्माना लगाया है। वहीं ईस्ट बंगाल को मार्च-अप्रैल में सुपर कप से नाम बाहर लेने के कारण पांच लाख रूपए देने को कहा गया है। पूर्व चैम्पियन ऐजल एफसी और मिनरवा पंजाब एफसी के अलावा चर्चिल ब्रदर्स, गोकुलम केरला एफसी और नेरोका एफसी अन्य पांच क्लब हैं जिन पर 10-10 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं समिति ने मोहन बागान के खिलाफ कोई फैसला नहीं दिया और इस मामले को मध्यस्थता के लिये भेजा गया क्योंकि कोलकाता की टीम ने भागीदारी के लिये हस्ताक्षर नहीं किये थे। आई लीग और आईएसएल टीमों के बीच आयोजित प्रीमियर नाकआउट क्लब टूर्नामेंट का यह सत्र काफी खराब रहा जिसमें सात क्लब मिनरवा पंजाब एफसी, ईस्ट बंगाल, मोहन बागान, चर्चिल ब्रदर्स, नेरोका एफसी, गोकुलम केरला एफसी और ऐजल एफसी टूर्नामेंट में शामिल नहीं हुए थे।
छह पेज के फैसले में लिखा गया, ‘समिति ने इस तरह ऐजल एफसी, चर्चिल ब्रदर्स, गोकुलम केरला एफसी, मिनरवा पंजाब एफसी और नेरोका एफसी पर 10-10 लाख का जुर्माना लगाया जिसका इस्तेमाल जमीनीं स्तर पर फुटबॉल के विकास और देश में युवा फुटबॉल के बढ़ावे के लिये इस्तेमाल किया जायेगा जो पारदर्शी तरीके से होगा।'
