पलवल रि-इलेक्शन / बूथ पर पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी भड़ाना के बयान पर भड़के गांववाले, मोदी जिंदाबाद के लगाए नारे

पलवल के असावटी गांव के बूथ नंबर 88 पर रविवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था, इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना बूथ पर जांच के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गांव के कुछ लोग गुंडातत्व के हैं। यहां तालिबान जैसे हालत पैदा हुए थे। उनके इस बयान पर गांववाले भड़क गए और विवाद हो गया। इसके बाद गांववालों ने मोदी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। ऐसा होता देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें शांत करवाया। इस घटना के बाद अवतार भड़ाना वहां से चुपचाप चले गए। 

अवतार भड़ाना ने कहा कि खुली गुंडागर्दी हुई है। यहां के शासन प्रशासन ने मतों के अधिकार पर डाका डाला है। यहां लोगों को डराया गया, उन्हें धमकाया गया। भड़ाना ने आरोप लगाया कि फरीदाबाद की सैकड़ों जगह इससे भी बुरा मतदान हुआ है। इस गांव के चारों बूथ पर यही हाल था। आज इतनी फोर्स होने के बाद भी ये हालत है कि गुंडों का राज है।  
हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल यहां तैनात किए गए हैं। डीसी, एसपी व प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने नजर बनाई हुई है। किसी भी मतदाता को अंदर फोन लेकर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। 

गौरतलब है कि 12 मई को गड़बड़ी की वीडियो वायरल होने के बाद यहां दोबारा मतदान करवाए जाने का निर्णय लिया गया था। चुनाव आयोग ने तत्काल एक्शन लेते हुए इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी और पोलिंग एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया था। गांव की कुल आबादी 8,000 है। मतदाताओं की संख्या 4,690 है। बूथ नं. 88 पर 1,271 वोटर हैं।  मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है। 

Leave a Reply