लोकसभा चुनाव के सभी चरणों की वोटिंग समाप्त, अब 23 मई को घोषित होंगे नतीजे

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर शाम छह बजे तक 60.21 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। हालांकि अंतिम मत प्रतिशत में अभी कुछ बदलाव हो सकता है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में 49.92 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 66.18, मध्य प्रदेश में 69.38, पंजाब में 58.81, उत्तर प्रदेश में 54.37, पश्चिम बंगाल में 73.05, झारखंड में 70.5 और चंडीगढ़ में 63.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। लोकसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान 23 मई को होगा।

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13, (हाई-प्रोफाइल वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र सहित), बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, झारखंड की तीन, हिमाचल प्रदेश की चार, चंडीगढ़ की एक और पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

छह राज्यों में संसदीय सीटों के कई बूथों और दो विधानसभा क्षेत्रों में पुन: मतदान भी हो रहा है। इन सीटों में केरल की कन्नूर और कासरगोड, तमिलनाडु की धर्मपुरी, थेनी, तिरुवल्लूर, कुड्डलोर और ईरोड, हरियाणा की फरीदाबाद, उत्तर प्रदेश की आजमगढ़, पश्चिम बंगाल की बांकुरा, आंध्र प्रदेश की चित्तूर संसदीय सीटें और चंदगिरी विधानसभा सीट और ओडिशा जिले के 34 विधानसभा प्रखंड शामिल हैं। 

तमिलनाडु में चार विधानसभा सीटों पर, कर्नाटक में दो और पणजी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में 10.1 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं।

इस चरण के 918 उम्मीदवारों में वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पटना साहिब से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और इसी सीट से अभिनेता-राजनेता और मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा (अब कांग्रेस में), गाजीपुर से केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, चंदौली से उप्र भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। अभिनेता-राजनेता सनी देओल (भाजपा) गुरदासपुर से, तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मिमी चक्रवर्ती और नुसरत जहान, दोनों क्रमश: जादवपुर और बशीरहाट से चुनावी मैदान में हैं। 

मोदी की किस्मत तय करेगी काशी

इस चरण में सबसे चर्चित सीट खुद उत्तर प्रदेश की वाराणसी (काशी)है। इस सीट पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ महागठबंधन ने शालिनी यादव और कांग्रेस ने अजय राय को मैदान में उतारा है। मोदी की इस सीट पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रचार किया है। 

बंगाल में सुरक्षा कड़ी : पश्चिम बंगाल में पिछले चरणों में हुई हिंसा और कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान आगजनी के मद्देनजर आयोग ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। नौ सीटों पर होने वाले मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 710 टुकड़ियों को तैनात किया गया है। झारखंड की नक्सल प्रभावित तीनों सीटों पर भी मतदान शाम चार बजे ही खत्म समाप्त हो जाएगा। 

इन सीटों पर मुकाबला :सातवें चरण में उत्तर प्रदेश में 13, पंजाब में 13, पश्चिम बंगाल में नौ, बिहार और मध्य प्रदेश में आठ-आठ, हिमाचल में चार, झारखंड में तीन और चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान हो रहा है।
 

Leave a Reply