शरद पवार बोले- हम नौटंकी देख रहे हैं, अपनी जीत के लिए अल्लाह से दुआ करेंगे

मुंबई. लोकसभा चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने लोगों से संयम बरतने की सलाह दी। सोमवार शाम को उन्होंने कहा- "हम कल शाम (19 मई) से नौटंकी देख रहे हैं। अपनी जीत के लिए हम अल्लाह से दुआ करेंगे।"
पार्टी की तरफ से आयोजित रोज इफ्तार पार्टी में पवार ने कहा कि एग्जिट पोल सही नहीं हैं, इसमें हेराफेरी की गई है। सत्ताधारी दल का मीडिया पर दबाव है। उसी का फायदा उठाते हुए गलत एग्जिट पोल जारी कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हालांकि इन एग्जिट पोल से देशभर में बेचैनी हैं। मुझे विश्वास है कि 23 मई के बाद लोगों को सुकून मिलेगा। पवार ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज करते हुए कहा- "आज से पहले कभी नहीं देखा था कि पीएम दिल्ली में अपनी जिम्मेदारियों को छोड़कर हिमालय चले जाते हैं।"
महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी ने साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा है। दूसरी तरफ, भाजपा और शिवसेना ने संयुक्त रूप से मैदान में हैं। मीडिया समूहों द्वारा एग्जिट पोल में महाराष्ट्र में एनडीए को बड़ी जीत को ओर जाते हुए दिखाया जा रहा है। वहीं, यूपीए गठबंधन को 4 से 10 सीटें दी जा रही हैं। राज्य में लोकसभा की 48 सीटें हैं।
