बिना प्रेवश पत्र के मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा

इन्दौर । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जाटव की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी सभाकक्ष में नेहरू स्टेडियम में 23 मई को होने वाली मतगणना की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव ने कहा कि बिना प्रवेश पत्र के मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा। गणना कक्ष में मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग की अलग से व्यवस्था की जायेगी। मतगणना के दौरान चुनाव आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जायेगा। सर्वसुविधासम्पन्न मीडिया सेंटर बनाया जायेगा। गाड़ियाँ 100 मीटर की दूरी पर रहेगी। पुलिस के पास भी मोबाइल नहीं रहेगा। पत्रकार बारी-बारी से 5-5 के ग्रुप में अंदर जायेंगे। दो शासकीय वीडियोग्राफर वीडियोग्राफी करेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान 19 मई को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किया। सभी अधिकारी कर्मचारी बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान सभी अधिकारियों को दायित्व सौप दिये गये हैं, उन्हें प्रशिक्षण भी दे दिया गया है। सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किये जायेंगे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
इस अवसर पर बैठक में एसएसपी श्रीमती रूचि वर्धन मिश्र, अपर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, श्री दिनेश जैन, श्री अजय देव शर्मा, श्री कैलाश वानखेड़े, पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश गोस्वामी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्य, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
