विश्व कप में बटलर से बचकर रहे : पोंटिंग

मेलबर्न । ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि मेजबान इंग्लैंड की टीम में कई शानदार खिलाड़ी हैं पर जोस बटलर सबसे खतरनाक साबित होंगे। इसलिए हमारे गेंदबाजों को उनसे बचकर रहना होगा। इस पूर्व कप्तान ने कहा , ‘इंग्लैंड के लिए खतरनाक खिलाड़ी बटलर होंगे। मैने पिछले दो तीन साल में उन्हें निखरते देखा है। तीन चार सत्र पहले मुंबई इंडियंस के साथ मैने उन्हें कोचिंग भी दी है। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके उभरने की शुरूआत थी।' उन्होंने कहा, ‘पिछले 12 से 18 महीने में टी20, एकदिवसीय और टेस्ट में उन्होंने इंग्लैंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वह मैदान में 360 डिग्री शाट्स खेलते हैं और उनकी बल्लेबाजी देखने लायक होती है।' बटलर के अलावा इंग्लैंड के पास कप्तान इयोन मोर्गन,जानी बेयरस्टा,जो रूट, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर जैसे मैच विनर हैं। दो बार ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप जिताने वाले पोंटिंग ने कहा कि मेजबान टीम अपनी ताकतवर बल्लेबाजी और सटीक गेंदबाजी के कारण विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार है। उसके शीर्षक्रम में काफी गहरायी है। इसके साथ ही निचले क्रम पर आने वाले हरफनमौला भी मैच पलट सकते हैं। टीम को घरेलू मैदान में दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिलेगा।
