प्रेम प्रसंग के चलते किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

भोपाल। राजधानी के तलैया इलाके में रहने वाली एक किशोरी द्वारा प्रेम प्रसंग के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की घटना सामने आई है। बताया गया हे की जांच के दोरान मृतका की बहन ने पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंपा है। टूटी-फूटी इंग्लिश में लिखे सुसाइड नोट में लड़की ने प्रेम प्रसंग के चलते जान देने की बात लिखी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 17 साल की रिंकी पिता स्वर्गीय पाशाजी दिवाकर मकान नंबर 19 कल्लु बुआ की मस्जिद के पास कमला पार्क स्थित मकान किराए से रहती थी। रिंकी के पिता का करीब पंद्रह साल पूर्व निधन हो चुका है। रिंकी की मां अम्रता दिवाकर घरों में सफाई का काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी बड़ी बेटी पिंकी और छोटी बेटी रिंकी के साथ किराये से रह रही थी। रिंकी ने पढ़ाई छोड़ दी थी, जबकि पिंकी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। बीती दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह पड़ोसी के घर में बैठी हुई थी। इस दोरान बड़ी बेटी पिंकी कोचिंग गई थी, जबकि रिंकी घर पर अकेली थी। कुछ ही देर बाद जब अम्रता घर पहुंची तो रिंकी फांसी लगा चुकी थी। अम्रता आसपास के लोगों की मदद से रिंकी के शरीर को फंदे से उतारकर उसे इलाज के लिये लेकर निजी अस्पताल पहुंची थी, वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही रिंकी को मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रिंकी का शव कब्जे में लेकर पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस का कहना है कि रिंकी ने संदीप नाम के एक युवक के प्रेम में आकर जान देने की बात लिखी है। सुसाइड नोट मृतका के पास से नहीं मिला है। उसकी बहन ने नोट को सौंपा है। वहीं लड़का मृतका की बिल्डिंग में ही ऊपर वाले फ्लोर पर रहता है। घटना के बाद से वह परिवार सहित घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। वही पुलिस बरामद सूसाईड नोट के आधार पर आगे की जांच मे जुट गई है।
