सभी सरकारी-गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं एवं कोचिंग सेंटरों में अग्नि शमन यंत्र लगाने के निर्देश

कवर्धा। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए तथा शॉट-सर्किट की आशंका से निपटने के लिए जिले के सभी सरकारी-गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं, कोचिंग सेंटरों, आश्रमों-छात्रावासों में अग्नि शमन यंत्र लगाने के निर्देश दिये है। इस संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के.एल. महिलांग को निजी शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग सेंटरों के मालिकों की तत्काल बैठक लेकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। कलेक्टर ने जिले के बोड़ला एवं पंडरिया विकासखंड के बैगा बाहुल गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति तथा स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति तथा पर्याप्त मात्रा में दवाईयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नवनिर्मित सड़कों, पुल-पुलियों, आश्रम-छात्रावासों एवं अन्य भवनों की जानकारी तत्काल प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जनप्रतिनिधियों से नवनिर्मित निर्माण कार्यो का लोकार्पण शीघ्र कराया जा सकें।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आगामी 3 जून को राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले कलेक्टर कांफ्रेस की तैयारी के तहत सभी वभाग प्रमुखों को राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की वास्तविक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कलेक्टर कांफ्रेस के लिए तय एजेण्डा के तहत निर्धारित प्रारूप में जानकारी प्रस्तुत करने के लिए सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये। बैठक में जन शिकायतों, जन समस्याओं के लंबित प्रकरण की विभागवार समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ कुंदन कुमार, अपर कलेक्टर जे.के.ध्रुव सहित सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
