एशियाई चैंपियनशिप के लिए चुनी टीमों में हरियाणा के 15 पहलवान

एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में देश की पदक जीतने की उम्मीदों का सर्वाधिक भार इस बार भी हरियाणवीं युवाओं के कंधों पर होगा। दो दिन तक चली ट्रायल प्रक्रिया में पुरुषों एवं महिलाओं में हरियाणवीं पहलवान ही छाए रहे।
विशेषकर महिलाओं में एक काे छोड़कर सभी चयनित पहलवान हरियाणा से हैं। जबकि पुरुष वर्ग में भी आधे से ज्यादा हरियाणा के पहलवान चुने गए हैं।
चुने गए पहलवान चार से सात जुलाई तक कजाखिस्तान के नूरसुल्तान शहर में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। लड़कियों की टीम साई सेंटर लखनऊ तथा लड़कों की साई सेंटर सोनीपत में टीम चुनी गई। जिसमें 60 पहलवानों ने अपनी दावेदारी पेश की। खिलाड़ियों का चयन भारतीय कुश्ती संघ के सचिव वीएन प्रसूद, भारतीय कुश्ती टीमों के चीफ कोच हरगोबिंद सिंह, जगमिंदर सिंह, राजीव तोमर, सुजीत मान, जयप्रकाश की देखरेख में हुआ।
