मायावती ने छह राज्यों के प्रभारी व दो के प्रदेश अध्यक्ष हटाए

लखनऊ । लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं होने के बाद बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने छह राज्यों के लोकसभा चुनाव प्रभारी को हटा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष को भी हटा दिया है। बसपा मुखिया मायावती ने उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात व उड़ीसा के लोकसभा प्रभारी हटाने के साथ ही दिल्ली व मध्य प्रदेश के बसपा अध्यक्ष भी हटा दिए हैं।
दिल्ली में कल आहूत राज्य प्रभारियों व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक से पहले बसपा सुप्रीमों मायावती ने मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष छट्टू राम व दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह को हटा दिया है। वहीं अब दिल्ली में सुरेंद्र सिंह की जगह लक्ष्मण सिंह और मध्य प्रदेश में डीपी चैधरी की जगह रमाकांत पुत्तल को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में पार्टी के अध्यक्ष आरएस कुशवाहा को उत्तराखंड राज्य प्रभारी के पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पर एमएल तोमर को नया प्रभारी बनाया गया है। बसपा सुप्रीमो ने उड़ीसा-गुजरात के प्रभारी पद से छट्टू राम को हटाकर बिहार-झारखंड का प्रभारी बनाया है। मुनकाद अली को राजस्थान प्रभारी पद से हटा दिया गया है। पूर्व सांसद डा. बलिराम को बिहार राज्य के द्वितीय प्रभारी पद से हटा दिया है। इसी प्रकार पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह को झारखंड राज्य प्रभारी पद से हटा दिया गया है। रामअचल राजभर को गुजरात के साथ महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है। उनसे बिहार राज्य का प्रभार वापस ले लिया गया है। 

Leave a Reply