दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 भारत के, 24 घंटे के दौरान चुरू में पारा 50 डिग्री पहुंचा

नई दिल्ली. पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड किए गए दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 भारत के हैं। इस दौरान चुरू का पारा सबसे ज्यादा 50 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम पर नजर रखने वाली वेबसाइट ऐलडोराडो ने सोमवार को दुनियाभर के तापमान के आंकड़े जारी किए। 

शहर (देश)तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
1चुरु (भारत)50.3
2जैकबाबाद (पाकिस्तान)50.1
3गंगानगर (भारत)48.8
4सिबी (पाकिस्तान)48.5
5बीकानेर (भारत)48.5
6फलोदी- जोधपुर (भारत)48.2
7रोहरी (पाकिस्तान)48.1
8जैसलमेर (भारत)47.8
9नौगांव (भारत)47.7
10खानपुर (पाकिस्तान)47.6
11नरनौल (भारत)47.6
12बहावल नगर (पाकिस्तान)47.5
13कोटा एयरोड्रम (भारत)47.5
14पिलानी (भारत)47.5
15बाड़मेर (राजस्थान)47.2

 

राजस्थान में रेड अलर्ट, सीकर में किसान की मौत
राजस्थान के सीकर में रविवार को लू लगने से एक किसान की मौत हो गई। सोमवार को पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर लू के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया। पिछले महीने ही मौसम विभाग ने कह दिया था कि मानसून ही इन गर्म हवाओं से निजात दिलाएगा। 6 जून तक मानसून के दक्षिणी तट पर पहुंचने की उम्मीद है।

चुरू में सड़कों पर पानी डाला जा रहा
चुरु में गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लू की चेतावनी जारी की है। शासकीय अस्पतालों को आपातकालीन वार्डों में एयरकंडीशनर्स, कूलर्स, दवाओं के साथ तैयार रहने के लिए कहा गया है। सड़कों पर पानी भी डाला जा रहा है।

भोपाल में सीजन का सबसे गर्म दिन, 45.3 डिग्री पहुंचा पारा
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को तापमान 45.3 डिग्री रहा। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 2-3 दिन तक मप्र में गर्मी और लू से राहत की उम्मीद नहीं है। अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 25 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है।

अल्मोड़ा-चमोली में बादल फटने से कई घर बहे
उत्तराखंड में अल्मोड़ा और चमोली जिले में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक लापता है। खीड़ा गांव में लगातार बारिश के चलते कई घर बह गए हैं। एसडीआरएफ की कमांडेंट तृप्ति भट्ट ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। रामगंगा नदी में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Leave a Reply