सिंधु, समीर प्रणय और कश्यप पर रहेंगी नजरें

सिडनी । भारत की पीवी सिंधु और समीर वर्मा महिला और पुरुष वर्ग में आज यहां शुरु हो रहे ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नमेंट में जीत के इरादे से उतरेंगे। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर कायम सिंधु इस साल इंडिया ओपन और सिंगापुर ओपर के सेमीफाइनल में पहुंची है पर खिताब नहीं जीत सकी। सिंधु अगर शुरुआती दौर में जीत दर्ज करने में सफल रही तो क्वॉर्टर फाइनल से पहले उनका सामना पूर्व ओलिंपिक चैंपियन से हो सकता है। वहीं सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें ऑल इंग्लैंड चैंपियन चेन यूफेई से खेलना होगा।
वहीं भारत के ही समीर विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज हैं और वह मलयेशिया के ली जी जिया से अपनी पिछली हार का बदला लेना चाहेंगे। ली ने सुदीरमन कप में समीर को हराया था। इसके अलावा बी साई प्रणीत, एचएस प्रणय और पी कश्यप भी खिताब के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। प्रणीत का पहले दौर में कोरिया के ली डोंग कीउन से सामना होगा। प्रणय को पहले दौर में मलयेशिया ओपन के विजेता चीन के दिग्गज लिन डैन से भिड़ना होगा जबकि कश्यप थाईलैंड के सेप्पान्यू अविहिंगसानन के खिलाफ अपने अभियान को शुरू करेंगे। सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी पहले दौर में चीनी ताइपे की वांग ची-लीन और चेंग ची या का सामना करेगी जबकि अश्विनी और एन सिक्की रेड्डी की महिला युगल जोड़ी का कोरिया के बाएक हा ना और किम हाय रिन से सामना होगा।
