भारत के खिलाफ हारी तो बाहर होगी दक्षिण अफ्रीका

लंदन । विश्व कप क्रिकेट में बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला होगा। पहले मैच इंग्लैंड और दूसरे मैच में बांग्लादेश से हार के कारण दक्षिण अफ्रीकी टीम शुरुआत में ही पिछड़ गयी है। ऐसे में भारत के खिलाफ एक और हार उसे टूर्नामेंट से बाहर करा सकती है। सेमीफाइनल की संभावनाएं बनाये रखने के लिए उन्हें ये मैच हर हाल में जीतना होगा। दक्षिण अफ्रीका के लिए भारत के साथ मुकाबला आसान नहीं होगा। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज लय में नहीं हैं। वहीं दूसरी और भारतीय टीम के पास बेहद अच्छा बल्लेबाजी क्रम है। इसके अलावा विश्व का सबसे अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है। आंकड़ा पर गौर करें तो भारत के खिलाफ पिछले 7 मैचों में अफ्रीकी टीम को सिर्फ एक बार जीत मिली है। विश्व कप 2015 में भी भारत ने उसे हराया था।
विश्व कप में इस बार 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सारी टीमों को एक दूसरे के खिलाफ मैच खेलने हैं। यानी एक टीम 9 मैच खेलेगी। ऐसे में अगर हिसाब लगाया जाए तो सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर टीम को कम से कम 7 मैच हर हाल में जीतने होंगे। दक्षिण अफ्रीका अब तक दो मैच हार चुकी है। टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों पर नजर डालें तो अब तक श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें थोड़ी कमज़ोर साबित हो रही है। अगर दक्षिण अफ्रीका इनके खिलाफ मैच जीत भी ले तो भी बाक़ी टीमों के खिलाफ उनकी जीत तय नहीं है। उसे अब भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, वेस्टइंडीज़, श्रीलंका, अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेलना है। बांग्लादेश के साथ वह उलटफेर का शिकार हुई है।
