जम्मू-कश्मीर: ईद के दिन घर में घुसकर आतंकियों ने बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, लड़की की मौत

नई दिल्ली: जम्मू और कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने ईद का त्यौहार मना रहे एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. दरअसल, बुधवार सुबह आतंकियों ने पुलवामा के नरबल गांव के एक घर में आतंकियों ने धावा बोल दिया. घर में घुसे आतंकियों ने घर में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियों की बरसात कर दी. जिसमें मौके पर ही एक लड़की की मौत हो गई. आतंकियों की गोलीबारी में गांव का एक अन्य नागरिक की गोलियों का शिकार हुआ है. जिसे इलाज के लिए पुलवामा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
सूत्रों के अनुसार, यह वाकया बुधवार सुबह का है. नरबल गांव स्थिति इस घर में ईद के त्यौहार की तैयारी चल रही थी. इसी बीच, आतंकी जबरन इस घर में दाखिल हुए. कोई कुछ समझ पाता इससे पहले आतंकियों ने गोलियों की बौछार कर दी. आतंकियों के बंदूक से निकली गोलियों ने नगीना बानो नामक एक लड़की को अपना निशाना बनाया. वहीं, गांव में दहशत फैलाने के लिए आतंकी गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए. इस गोलीबारी में गांव का एक अन्य शख्स भी आतंकियों के कहर का शिकार हो गया. इस शख्स की पहचान मोहम्मद जलाउद्दीन के रूप में हुई है.
सूत्रों के अनुसार, आतंकियों के फरार होने के बाद गांव वालों ने नगीना बेगम और मोहम्मद जलाउद्दीन को समीप के अस्पताल पहुंचाया. जहां नगीना बेगम को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं अस्पताल में भर्ती मोहम्मद जलाउद्दीन अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. आतंकियों द्वारा अंजाम दी गई इस वारदात के बाबत सूचना मिलते ही भारी संख्या में सुरक्षाबल पुलवामा के नरबल गांव पहुंच गया. आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने इलाके की घेरेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. वहीं अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आतंकियों के किन वजहों से इस लड़की की गोलीमार कर हत्या की है.
