दो साल में बंद हो सकता है माखनलाल विवि का नोएडा कैंपस! 

नोएडा । नोएडा सेक्टर-६२ स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय का नोएडा कैंपस २ साल के अंदर बंद हो सकता है। दरअसल ऐसा यूजीसी के नियमों के उल्लंघन की वजह से होने की आशका है। यूजीसी की सख्ती के बाद नए छात्रों के दाखिले नहीं लिए जा रहे हैं, जो छात्र पढ़ रहे है, सिर्फ उन्हीं छात्रों का कोर्स पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा भी नोएडा में चल रहे अन्य राज्यों की यूनिवर्सिटी के कैंपस बंद हो जाएंगे। विश्वविद्यालय का नोएडा कैंपस पिछले १९ सालों से चल रहा था। पत्रकारिता के लिए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय छात्रों की प्राथमिकता में रहता है। यूजीसी के नियमों के अनुसार किसी भी राज्य की यूनिवर्सिटी दूसरे राज्य में कैंपस नहीं खोल सकती है। कई सालों से नियमों का उल्लंघन करते हुये कैंपस नोएडा में चल रहा था। यहां पर पत्रकारिता से कई कोर्स होते हैं। इस समय ३४० छात्र पढ़ रहे हैं, लेकिन अब सिर्फ ११२ ही रह जाएंगे, बाकी छात्रों का कोर्स पूरा हो गया है। 
    विश्वविद्यालय प्रबंधक की माने तो ११२ छात्रों के अलावा नए सत्र में दाखिले नहीं लिए जा रहे हैं। इस मामले में नोएडा कैंपस के पदाधिकारियों की विश्वविद्यालय के हैड ऑफिस में लगातार बातचीत चल रही है। नोएडा कैंपस निदेशक के बी.एस.निगम का कहना है कि यूजीसी के नियमानुसार राज्य यूनिवर्सिटी का कैंपस दूसरे राज्य में नहीं खोला जा सकता है। इस वजह से छात्रों को लग रहा था, उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी, लेकिन ऐसा नहीं होगा। विश्वविद्यालय की तरफ से छात्रों को लिखित में आश्वासन दिया है कि जो दाखिला ले चुके हैं, उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। उनके लिए नोएडा कैंपस चलता रहेगा। यह नियम जिले में चल रही अन्य यूनिवर्सिटी के कैंपस पर भी लागू होगा। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार दीपेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि नोएडा कैंपस के लिए नए दाखिले नहीं लिए जाएंगे। अभी जो छात्र पढ़ रहे हैं, उनकी कक्षाएं चलती रहेंगी। 

Leave a Reply