जालंधर की जमीं पर हुई ‘भारत’ की कहानी की शुरुआत और अंत

ईद के खास मौके पर देशवासियों को तोहफा देने के लिए सलमान खान की फिल्म भारत बुधवार को रिलीज हो गई। पारिवारिक मूल्यों और इमोशन से भरपूर फिल्म में 1947 के विभाजन की त्रासदी का दौर, 60 और 70 के दशक की बेरोजगारी और 2010 के मॉडर्न ख्यालात इस फिल्म में दिखाए गए हैं। इस फिल्म की शूटिंग पंजाब के जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में भी हुई थी। जालंधर के बिलगा गांव में अटारी स्टेशन स्थापित किया गया था, वहीं अमृतसर में पाकिस्तान का मीरपुर स्टेशन बनाया गया था। लुधियाना में बाघा बॉर्डर के दृश्यों की शूटिंग हुई थी।
फिल्म की कहानी की शुरुआत जालंधर में बनाए गए अटारी स्टेशन से होती है जहां 70 साल का भारत यानि सलमान खान अपने परिवार के साथ जन्मदिन मनाने अटारी स्टेशन पर पहुंचता है। यहीं से बच्चों को अपने जीवन की कहानी सुनाता है और कहानी फ्लैशबैक यानि 1947 में चली जाती है जिसमें दूसरा भाग मीरपुर स्टेशन का है जहां भारत के पिता गौतम यानि जैकी श्राफ स्टेशन मास्टर होते हैं और विभाजन के समय आठ साल का भारत पिता व बहन को खो देता है और मां व छोटे भाई-बहन के साथ दिल्ली में बुआ के पास आ जाता है।
कहानी के बीच में ऐसा दौर आता है जब टीवी चैनल के जरिये बाघा बॉर्डर पर पिता और बहन को भारत तलाश करता है, जहां बहन यानि तब्बू टीवी चैनल के जरिये मिल जाती है। विभाजन की इस कहानी के बाद दिल्ली, साउदी, माल्टा, सोमानिया जैसी जगहों की भारत की जिंदगी से जुड़ी कहानी दिखाई है। कहानी का अंत भी अटारी स्टेशन पर ही होता है जहां पुरानी यादों की कहानी खत्म होती है और भारत चलती ट्रेन के साथ अपने जन्मदिन का केक काटता है। इसके बाद दिल्ली जाकर कुमुद से 70 साल की उम्र में शादी करता है।
फुल रहे सिनेमा हॉल
जालंधर के सभी थियेटर ईद के मौके पर सलमान खान की फिल्म को लेकर तकरीबन फुल रहे। जालंधर के लोगों में सलमान की मूवी का क्रेज हमेशा की तरह बरकरार है।
अपना शहर और बोली हुई महसूस
फिल्म देखकर आए रॉकी, तुषार, अरुण व उनके दोस्तों ने बताया कि उन्हें इस फिल्म के जरिये अपना शहर और बोली का अहसास हुआ। पंजाब की झलक और हल्का पंजाबी तड़का शानदार था। पंजाबी गाना 'मैं तुर पया घर से दूर' बेहद शानदार है। बाकी गाने भी फिल्म की जान हैं। सलमान खान के फाइट सींस को मिस किया लेकिन फिल्म में सलमान खान का स्टाइल और एटीट्यूट कूल है।
आम लोगों की कहानी से मिलते जुलते हैं जज्बात
संदीप व उनके परिवार ने बताया कि हिन्द करियाना स्टोर को लेकर सलमान खान के जज्बात आम लोगों की कहानी के साथ जुड़े हुए नजर आते हैं। छोटे-छोटे कॉमेडी सीन ने लोट-पोट होकर हंसने को मजबूर कर दिया। फिल्म में समुद्री लुटेरे आए तो लगा कि अब खूब मार-धाड़ के सीन होंगे लेकिन अमिताभ बच्चन के गानों पर ठुमके लगने शुरू हो गए।
कटरीना पर जचा देसी छोरी का अंदाज लेकिन जुबान देसी नहीं
ज्योति, माही, अवनी ने बताया कि चाहे कटरीना देसी अंदाज में तो नजर आई हैं लेकिन उनकी जुबान बता देती है कि वह हिंदुस्तान की देसी छोरी नहीं हैं। दिशा पाटनी, तब्बू, नोरा फतेही, जैकी श्राफ, सोनाली कुलकर्णी, आसिफ शेख, शशांक अरोड़ा व सतीश कौशिक का रोल बेहद छोटा है लेकिन भूलने वाला नहीं है। वहीं, सुनील ग्रोवर ने कॉमेडी के साथ इमोशनल सीन देकर अपनी उम्दा एक्टिंग का जलवा दिखाया है। सलमान खान के साथ पूरी स्क्रीन पर सुनील ग्रोवर भी छाये रहे हैं।
