वर्ल्‍ड कप के लिए ममता ने दी भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं, लोगों ने कहा- जय श्रीराम-जय श्रीराम

नई दिल्‍ली: क्रिकेट वर्ल्‍ड कप में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच होने वाले मैच को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं दी. उन्‍होंने ट्विटर पर एक पोस्‍टर पोस्‍ट करते हुए लिखा कि 'क्रिकेट विश्व कप के लिए टीम इंडिया को शुभकामनाएं'. ट्विटर पर ममता बनर्जी का पोस्‍ट आते ही लोगों ने ता‍बड़तोड़ कमेंट करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते उनकी वॉल पर एक हजार से भी ज्‍यादा लोगों ने कमेंट लिया. ममता बनर्जी के ट्विटर वॉल पर आने वाले कमेंट की खासबात यह थी कि ज्‍यादातर लोगों ने अपने कमेंट में सिर्फ तीन शब्‍द लिख रहे थे और ये तीन शब्‍द थे 'जय श्रीराम'. 

पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री के लिए यह पहला वाकया नहीं था, जब उनके ट्विटर पर जवाब में लोगों ने जय श्रीराम लिखा हो. लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान, जब से ममता बनर्जी ने जय श्रीराम उद्घोष को लेकर अपनी नाराजगी व्‍यक्त की है, तब से उनके ट्विटर पर लोगों ने अपने कमेंट में जय श्रीराम लिखना शुरू कर दिया है. इन दिनों ममता बनर्जी अपने ट्विटर पर कुछ भी कमेंट लिखें, उनको एक ही कमेंट मिल रहा है. वह कमेंट है जय श्रीराम का. उदाहरण के तौर पर पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने 6 जून की सुबह करीब छह बजे अपना पहला ट्वीट किया. इस ट्वीट में उन्‍होंने असम के पूर्व मुख्‍यमंत्री और स्‍वतंत्रता सेनानी लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई की जयंती पर अपनी श्रद्धांजलि दी. 

ममता बनर्जी के हर ट्वीट पर आ रहा है एक ही कमेंट
मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के इस ट्वीट पर करीब 200 से अधिक लोगों ने कमेंट किया. जिसमें ज्‍यातार लोगों ने अपने कमेंट में जय श्रीराम लिखा. कुछ यही हाल, मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के दिन के दूसरे ट्वीट पर भी कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया आई. मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी का यह ट्वीट अभिनेता और कांग्रेस से सांसद रहे सुनील दत्‍त की जन्‍मदिन को लेकर था. उन्‍होंने लिखा कि अभिनेता और लंबे समय तक संसद में सहकर्मी रहे सुनील दत्‍त जी को उनकी जयंती में नमन करते हैं. इस ट्वीट में लोगों के कमेंट कुछ आगे निकल गए. किसी ने ममता बनर्जी को जय श्रीराम लिखा, किसी ने उस पोस्‍टर को पोस्‍ट किया, जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए ममता बनर्जी ने एक महिला चित्रकार को सलाखों के पीछे भेज दिया था. 

ट्विटर-कमेंट वार में उतरे ममता बनर्जी के समर्थक
मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के ट्विटर पर जय श्रीराम के कमेंट देखकर तृणमूल के समर्थक भी सक्रिय हो गए. उन्‍होंने जय श्रीराम लिखने वालों को भगवान से सद्बुद्धि देने की कामना की. वहीं इस बीच, कुछ समर्थक जय श्रीराम के जवाब में जय मां काली और जय बंगाल का नारा लेकर ट्विटर-कमेंट-वार में उतर गए. ममता बनर्जी के ट्विटर पर पर देवी और देवताओं के नाम पर लोगों के विचारों का संघर्ष जारी है. हालांकि, ट्विटर-कमेंट-वार के दौरान यह जरूर देखा गया है कि जयश्रीराम के कमेंट पर खुद मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी कोई प्रतिक्रिया ट्वीटर पर नहीं दी है. अब देखना यह है कि लोकसभा चुनाव 2019 के प्रचार अभियान के दौरान शुरू हुआ यह  ट्विटर-कमेंट-वार पश्चिम बंगाल में कब थमता है.
 

Leave a Reply