पानी को लेकर हुए विवाद में युवक ने पड़ोसी पर किया तलवार से हमला

भोपाल । इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में पानी को लेकर लड़ाई-झगड़ा आम बात हो गई है। इसी क्रम में एयरपोर्ट रोड पर निर्माणाधीन मकान के लिए पानी लेने को लेकर विवाद हो गया। इसके चलते मकान की देखरेख कर रहे व्यक्ति को पड़ोस के घर मालिक ने तलवार मारकर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांधीनगर पुलिस के मुताबिक सुरेश कुमार शर्मा(53) के भाई का एयरपोर्ट रोड स्थित आदित्य एवेन्यु कॉलोनी में मकान बन रहा है। मकान की छत के लिए पानी की अतिरिक्त जरूरत थी। सुरेश कुमार ने इसके लिए कॉलोनी में सप्लाई होने वाली पानी के वॉल्व से पाइप लगा लिया । वह पानी भर रहे थे, तभी पड़ोस के मकान में रहने वाले विक्की उर्फ विमलेश ने पानी भरने का विरोध किया। विक्की का कहना था कि इससे कॉलोनी के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जिस पर विक्की ने सुरेश शर्मा पर तलवार से हमला कर दिया। हाथ में तलवार लगने से सुरेश घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित विक्की उर्फ विमलेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
