सेना भर्ती रैली 1 जुलाई से, 34 हजार युवा लेंगे भाग, पहले होगी दौड़

जोधपुर ।1 से 10 जुलाई तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें जोधपुर व उदयपुर संभाग के दस जिलों के युवा भाग ले सकेंगे। रैली में शामिल होने के लिए 34 हजार 190 युवाओं ने ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। सर्वाधिक जोधपुर जिले से 18 हजार 569 युवक भाग लेंगे, जबकि डूंगरपुर से सबसे कम 426 युवा ही दौड़ लगाएंगे। ये रैली एयरफोर्स क्षेत्र स्थित राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित होने वाली है। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सेना और प्रशासन की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। भर्ती रैली के दौरान जोधपुर जिले के अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा होने के कारण तहसीलवार दौड़ का आयोजन होगा। जबकि सबसे कम रजिस्ट्रेशन वाले जिलों के लिए एक ही दिन दौड़ होगी। दौड़ का आयोजन सुबह जल्दी होगा, इसके लिए अल सुबह अभ्यर्थियों को टोकन के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद दौड़ होगी, जो सुबह जल्दी खत्म हो जाएगी। ये दौड़ 1 से 7 जुलाई तक होगी। इसके बाद 8 से 10 जुलाई को मेडिकल परीक्षण और टेस्ट होगा। इसमें सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक कर्नल कुलदीपसिंह ने भर्ती की तैयारियों की जानकारी दी। प्रशासन के साथ अंतिम स्वरूप प्रदान करने के लिए विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने सामान्य व्यवस्थाओं के लिए भर्ती के दौरान मेडिकल फिटनेस, रैली ग्राउण्ड, भर्ती संबंधी शैक्षणिक दस्तावेज, अग्निशमन व्यवस्थाएं, ट्रैक की तैयारियां, सर्विस, स्टाल्स तथा पुलिस व टैफिक पुलिस की सामान्य व्यवस्थाओं पर आवश्यक हिदायतें दी। कलेक्टर ने एडीएम सिटी सीमा कविया व संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसीपी (ईस्ट) धमेंद्र कुमार ने पुलिस व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
