जम्‍मू-कश्‍मीर: पुलवामा में बीते 12 घंटों से जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने ढेर किए 4 आतंकी

नई दिल्‍ली: जम्‍मू और कश्‍मीर के पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच बीते 12 घंटो से जारी मुठभेड़ अब खत्‍म हो गई है. इस मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राष्‍ट्रीय राइफल्‍स और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस के स्‍पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने ने चार आतंकियों को सफलतापूर्वक मार गिराया है. सुरक्षाबल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकियों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है. जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस की एसओजी माने गए आतंकियों की पहचान और उनके संगठन के बाबत पता लगाने में जुटी हुई हैं. 

सुरक्षाबलों के अनुसार, गुरुवार शाम इंटेलीजेंस इनपुट मिला था कि पुलवामा जिले के अंतर्गत आने वाले पंजारन गांव के लस्‍सीपुरा इलाके स्थित एक घर में तीन से चार आतंकी छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही सीआरपीएफ, राष्‍ट्रीय राइफल्‍स और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस का स्‍पेशल ऑपरेशन ग्रुप मौके के लिए रवाना हो गया. लस्‍सीपुरा इलाके में पहुंचने के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की खोज में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कुछ ही देर में सुरक्षाबल उस मकान का पता लगाने में कामयाब हो गए, जिसमें आतंकी छिपे हुए थे. सुरक्षाबलों ने इन आतंकियों से आत्‍मसमर्पण के लिए कहा, जिसके जवाब में आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. 

सुरक्षाबलों ने आतंकियों की गोलियों के जवाब में अपनी कार्रवाई शुरू की. कुछ घंटों के अंतराल में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया. जिसके बाद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच कुछ देर के लिए गोलीबारी थम गई. कुछ देर इंतजार करने के बाद सुरक्षाबलों ने अपना तलाशी अभियान शुरू किया. जिसमें एक आतंकी के शव को बरामद किया गया. इसी बीच, बगल वाले घर से कुछ आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर एक बार फिर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने तत्‍काल मोर्चा संभालकर आतंकियों को जवाब देना शुरू किया. सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच यह मुठभेड़ करीब पूरी रात चली. शुक्रवार तड़के इस घर में मौजूद तीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया. 
सुरक्षाबल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों घरों को नियमानुसार ब्‍लास्‍ट कर उड़ा दिया. जिसके बाद, आतंकियों के शव की तलाश शुरू की गई. सुरक्षाबल ने मुठभेड़ में मारे गए तीन अन्‍य आतंकियों के शव बरामद कर लिए हैं. अभी तक, इन आतंकियों की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी है. स्‍थानीय पुलिस आतंकियों की पहचान और उनके संगठन के बाबत पता लगाने की कवायद में जुटी है. वहीं सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ फिलहाल अपना सर्च ऑपरेशन जारी रखा है. सुरक्षा बलों को आशंका है कि इलाके में अभी और भी आतंकी मौजूद हो सकते हैं. 
 

Leave a Reply