पटना में TET उत्‍तीर्ण अभ्यर्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज, लगातार दूसरे दिन आंदोलन जारी

पटना । पटना में टीईटी उत्‍तीर्ण अभ्‍यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। इसके पहले सोमवार को पुलिस व टीईटी उत्‍तीर्ण अभ्‍यर्थियों के बीच जमकर झड़प हुई थी। घटना में एक दर्जन से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हो गए। दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। 
भीख मांग रहे आंदोलनकरी, करेंगे कैंडल मार्च 
साल 2017 में उत्‍तीर्ण टीईटी अभ्यर्थी जल्‍दी बहाली की मांग को लेकर गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। सोमवार को धरना के बाद जब उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री आवास का घेराव करने का फैसला किया, तब पुलिस ने उन्‍हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद उनकी पुलिस से भिड़ंत हो गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी। अब टीईटी अभ्‍यर्थी मंगलवार को लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च करेंगे। इसके पहले वे धरना पर बैठे हुए हैं। वहां वे हाथ में कटोरा लेकर भिक्षाटन भी कर रहे हैं। 
धरना के बाद मुख्‍यमंत्री आवास घेरने की कोशिश 
बिहार टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी बड़ी संख्या में सोमवार को धरना देने पटना के गर्दनीबाग स्थित धरना स्‍थल पर पहुंचे थे। वहां सभा के बाद सभी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकल पड़े। उनके तेवर को देखते हुए पुलिस ने रास्‍ते में स्थित लोहे के दोनों गेट बंद कर दिए। गेट बंद देख प्रदर्शनकारियों ने पहले गेट तोडऩे का प्रयास किया। जब गेट नहीं टूटा तो सभी पश्चिम की ओर से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने के लिए पुल पर चढ़ गए। सभी प्रतिबंधित क्षेत्र को पार करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ चले। 

पुलिस के उड़े होश, किया लाठीचार्ज 
यह दृश्य देखकर गर्दनीबाग थानाध्यक्ष के होश उड़ गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया। लाठीचार्ज में महिला पुलिसकर्मी के नहीं रहने का लाभ उठाते हुए महिलाओं का दल बहुत आगे निकल गया और मुख्‍यमंत्री आवास की ओर जाने का प्रयास करने लगा। 

इसी बीच सचिवालय थानाध्यक्ष वहां पहुंचे और उन्‍होंने प्रदर्शनकारियों को रोका। फिर डीएसपी सचिवालय मौके पर पहुंचे और बिगड़ते हालात को देखकर वरीय अधिकारियों को त्राहिमाम संदेश भेजकर वज्र वाहन और वाटर कैनन की गाड़ी मंगवाई। किसी प्रकार प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल की ओर खदेड़कर वहां पर भारी पुलिस बंदोबस्त कर दिया गया। मौके पर महिला थानाध्यक्ष की ड्यूटी भी लगाई गई। 

लाठीचार्ज में एक दर्जन घायल 
लाठीचार्ज में प्रदर्शन कर रहे संत पाल सिंह, शाहनवाज आलम, अजीत कुमार, रमेश सिंह, सतीश प्रसाद, दिनेश कुमार, रामकृपाल, राम नरेश, डी पी यादव, मुन्नी कुमारी और बिंदू कुमारी आदि घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज व अस्‍पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। 
दूसरे दिन भी आंदोलन जारी 
टीईटी उत्‍तीर्ण अभ्‍यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। अभ्यर्थी जल्‍दी बहाली की मांग को लेकर गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। वहां वे हाथ में कटोरा लेकर भिक्षाटन भी कर रहे हैं। मंगलवार को लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च भी करेंगे।

Leave a Reply