World Cup INDvsNZ : मैच से पहले ही मौसम की आंख मिचौली जारी

नॉटिंघम: विश्व कप 2019 (World Cup 2019) में नॉटिंघम के टेंट ब्रिज मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच महामुकाबले की शुरुआत बारिश के कारण टल गई है. दोनों टीमों में टूर्नामेंट में टॉप टीम बनने की होड़ है. न्यूजीलैंड ने अभी तक अपने तीनों मैच जीते हैं. वहीं टीम इंडिया भी अपने पहले दोनों मैच जीतकर पूरे जोश में है. विश्व कप में अभी तक दोनों टीमों के बीच सात मैच हुए हैं इनमें से न्यूजीलैंड ने चार और टीम इंडिया ने तीन मैच जीते हैं. 
बारिश रुकते ही कवर्स हटाए जाने लगे. अब पिच का मुआयना भारतीय समयानुसार चार बजे होगा. मैच शुरु होने के निर्धारित समय के 15 मिनट पहले तक बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन अचानक हलकी बारिश शुरू हो गई. वहीं अंपयार का कहना है कि रात भर बारिश होने और फिलहाल घूप और हवा की गैरमौजूदगी के चलते मैच के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. भारतीय समयानुसार 3.00 बजे पिचका मुआयना होना था.
मौसम और पिच
नॉटिंघम में मैच से पहले बारिश हुई उससे पहले रात भर भी यहां बारिश हुई थी. पूरे मैच के दौरान बादल छाए रह सकते हैं जिससे पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी. टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी.  वहीं बल्लेबाजों को भी विकेट बचाने पर ध्यान देना होगा. ऐसे में मैच हाई स्कोरिंग हो इसकी संभावना कम होगी क्योंकि मैच शुरू होने के बाद बारिश का खतरा कायम रहेगा और टीमें डकवर्थ लुईस नियम के कहर से बचने के लिए विकेट बचाए रखने पर भी जोर देंगी. वैसे यहां  पिच बल्लेबाजी के लिए ज्यादा मुफीद मानी जाती है. 

बारिश के कारण अभी तक इस विश्व कप में तीन मैच रद्द हो चुके हैं.अभ्यास मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो चुका है और वहां उसे हार मिली थी. अभ्यास मैच में कीवी टीम के सामने भारत की बल्लेबाजी ढह गई थी. इस मैच में भारतीय टीम अपनी उस हार को ध्यान में रखकर सतर्क रहते हुए उतरेगी.

इन बदलावों पर है नजर
धवन के जाने के बाद हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर और अनुभवी दिनेश कार्तिक के रूप में कोहली के पास विकल्प है. शंकर को चयनकर्ताओं ने मुख्यत: नंबर-4 के लिए ही चुना था, लेकिन कार्तिक का अनुभवी होना शंकर पर भारी पड़ सकता है. धवन के जाने से कोहली और रोहित पर जिम्मेदारी बढ़ गई है. गेंदबाजी में कोई बदलाव हो इसकी संभावना न के बराबर है. भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने नई गेंद से बेहतरीन शुरुआत दी थी और रनगति को रोके रखा था. वहीं कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने भी मध्य क्रम में अपनी जिम्मेदारी को निभाकर आस्ट्रेलिया को जीत से महरूम रखा था.
टीमें:
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), टॉम ब्लंडल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डी ग्रांडहोम, लॉकी फग्र्यूसन, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लाथम, कोलिन मनुरो, जिम्मी नीशाम, हेनरी निकोलस, मिशेल सैंटनर, ईश सोढी, टिम साउदी, रॉस टेलर.
भारत : विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, विजय शंकर, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव.
 

Leave a Reply