हमीदिया में एसी बंद, नहीं हो रही सर्जरी

भोपाल । राजधानी के हमीदिया अस्पताल में एसी खराब होने से मरीजों की सर्जरी नहीं हो पा रही है। ये एसी करीब महीने भर से बंद है और प्रबंधन द्वारा इन्हें सुधारा नहीं जा रहा है। अस्पताल में कार्डियक सर्जरी ओटी और कैथ लैब के एसी बंद होने की वजह से दिल के मरीजों की सर्जरी नहीं हो पा रही है। न ही उनकी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी हो पा रही है। एंजियोप्लास्टी के लिए 30, एंजियोग्राफी के लिए 70 और कार्डियक सर्जरी के लिए करीब 24 मरीज इंतजार कर रहे हैं। इनमें कुछ को गंभीर तकलीफ है। कार्डियक सर्जरी की हाल ही में नई ओटी बनी है। पहले से बनी कैथ लैब और कार्डियक सर्जरी के लिए एक ही सेंट्रल एसी सिस्टम है। यह करीब 22 दिन से खराब है। यहां दोनों विभागों के दिल के मरीजों का इलाज होता है। इनमें कुछ को गंभीर बीमारी है। जल्दी उनका इलाज नहीं किया गया तो जिंदगी का जोखिम भी हो सकता है। इसके बाद भी अस्पताल प्रबंधन 22 दिन में भी एसी नहीं सुधरवा पाया है। कार्डियक सर्जरी में हर दिन 2 से 3 मरीजों की सर्जरी की जा रही थी।
     दो महीने पहले नया ओटी शुरू होने के बाद यहां पर बाइपास सर्जरी भी शुरू हो गई थी, पर एसी खराब होने से ओटी बंद पड़ा है। इसी तरह से कैथ लैब में हर दिन करीब 5 मरीजों की एंजियोग्राफी (दिल में ब्लॉकेज पता करने के लिए) और एंजियोप्लास्टी (ब्लॉकेज खोलने के लिए) की जा रही थी। एसी बंद होने से पहले से भर्ती मरीजों की अस्पताल प्रबंधन ने छुट्टी कर दी है। वहीं नए मरीजों को बाद में आने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, मरीजों को डॉक्टर भी यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि एसी कब सुधरेगा। इंतजार करते-करते कई मरीज निजी अस्पतालों में इलाज कराने चले गए हैं। निजी अस्पताल में एंजियोग्राफी के 10 हजार, एंजियोप्लास्टी के डेढ़ लाख व बायपास सर्जरी के करीब 3 लाख रुपए लगते हैं। सेंट्रल एसी सिस्टम में मरम्मत नहीं हो पाने की वजह से कार्डियक सर्जरी ओटी में विंडो एसी लगाने का काम शुरू हुआ है। तीन एसी लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार तक एसी लग जाएंगे। इसके बाद ओटी में बैक्टीरिया या फंगस की मौजूदगी पता करने के लिए ओटी कल्चर टेस्ट कराया जाएगा। सोमवार को इसकी रिपोर्ट आने के बाद ओटी शुरू होने की उम्मीद है। इस संबंध में हमीदिया अस्पताल अधीक्षक डॉ. एके श्रीवास्तव का कहना है कि पूरे अस्पताल के एसी के मेंटेनेंस का सालभर के लिए कांट्रेक्ट दिया गया है। सबसे पहले कार्डियक सर्जरी और कैथ लैब के एसी सुधारने को कहा गया है।

Leave a Reply