1 से 4 बजे तक ओपीडी में कम आ रहे मरीज

भोपाल । सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल चुका है लेकिन इसकी जानकारी ज्यादातर मरीजों को नहीं है। यही वजह है कि दोपहर के समय यानि की 1 से 4 बजे के बीच ओपीडी में कम मरीज आ रहे हैं। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के ओपीडी का समय 3 जून से सुबह 9 से 4 बजे तक कर दिया है। समय बढ़ाने के बाद भी मरीज दोपहर में इलाज के लिए नहीं आ रहे। राजधानी के जेपी अस्पताल के आंकड़े बताते हैं कि दोपहर में 1 से 4 बजे के बीच 100 से 125 तक मरीज ही आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने कहा कि अभी लोगों को ओपीडी समय बदलने की ठीक से जानकारी नहीं है, इस वजह से मरीज कम आ रहे हैं। दूसरी वजह तेज गर्मी भी है। पहले अस्पताल की ओपीडी का समय सुबह 8 से 1 बजे और शाम 5 से 6 बजे तक था। इसे 9 से 4 किया गया है। जेपी अस्पताल की ओपीडी में 3 जून को (पहले दिन) 1 से 4 बजे के बीच सिर्फ 110 मरीज आए थे। 8 जून को 116, 10 जून को 124 व 8 मरीज आए। 
    जेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ओपीडी का समय बदलने के पहले भी इमरजेंसी में लगभग इतने ही मरीज आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों का समय बदले जाने के बाद हमीदिया, सुल्तानिया और मेडिकल कॉलेजों से संबंद्घ अन्य अस्पतालों में ओपीडी समय बदलने की मांग की जा रही है। मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में मरीज रेफर होकर दूर के जिलों से आते हैं। उनके पहुंचने तक ओपीडी बंद हो चुकी होती है। इमरजेंसी इलाज मिल भी जाता है तो जांचें नहीं हो पाती। हमीदिया और सुल्तानिया अस्पताल में हरदा, गुना, शाजापुर, बैतूल, राजगढ़ तक के मरीज आते हैं। उधर मप्र मेडिकल ऑफिसर्स एसो. के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र गोस्वामी का कहना है कि ओपीडी का समय 9 से 4 बजे तक इसके पहले भी तीन बार किया जा चुका है, लेकिन सरकार को निर्णय बदलना पड़ा है। दोपहर में मरीज नहीं आते। पहले का शाम 5 से 6 बजे का समय मरीजों के लिए बेहतर था। सरकार को इसकी समीक्षा करनी चाहिए। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट का कहना है कि ओपीडी का समय बदलने के बाद एक महीने बाद समीक्षा करेंगे। देखेंगे मरीज कितने आ रहे हैं। इसके बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।

Leave a Reply