संभागायुक्त द्वारा मेडिकल कॉलेज के समस्त निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

इन्दौर । संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभाकक्ष में कार्यकारिणी परिषद की बैठक संपन्न हुई। परिषद में वर्ष 2019-20 के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज, एमवाय चिकित्सालय, मनोरमा राजे क्षय चिकित्सालय, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय, कैंसर अस्पताल और मानसिक चिकित्सालय ने स्थापना, फर्नीचर, निर्माण कार्य, रिपेयरिंग कार्य, मशीनरी, पेंशनर्स को दवा आदि के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत किया गया। बैठक में एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में पैरामेडिकल गर्ल्स हॉस्टल, एक हजार सीटेड ऑडिटोरियम, बायरोलॉजी लेब भवन, बर्न यूनिट उन्नयन और नर्सिंग कॉलेज उन्नयन का कार्य चल रहा है। संभागायुक्त श्री त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों केा इन कार्यों को एक साल के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये।
संभागायुक्त श्री त्रिपाठी ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये तथा एमजीएम मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध चिकित्सालय में मरीजों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जायें। बैठक में कैंसर अस्पताल, मानसिक चिकित्सालय की रंगाई-पुताई और मरम्मत का निर्णय लिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कैंसर अस्पताल की छत की शीघ्र ही वाटर प्रूफिंग कराई जायेगी। एमवाय अस्पताल के ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने का निर्णय लिया गया है। ड्रेनेज सिस्टम को नगर निगम इंदौर सुधारेगा। बैठक में एमवाय अस्पताल में भोजन, दवा, फर्नीचर, रिपेयरिंग, मेडिकल मशीन आदि के लिए एक वर्ष के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत किया गया है। बैठक में मानसिक चिकित्सालय और चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय के मरम्मत और पुताई का भी निर्णय लिया गया।   बैठक में प्रदेश के अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों से इंटेनशिप हेतु आने वाले एमबीबीएस के विद्यार्थियों से एक लाख रूपये इंटेनशिप शुल्क लेने का निर्णय लिया गया है। एमवाय चिकित्सालय में 500 किलोवाट के दो जनरेटर खरीदने की स्वीकृति दी गई। एमए मनोविज्ञान और क्लिनिकल सॉइकलोजी विषय में इंटेनशिप के लिए अनुमति दी गई।
संभागायुक्त ने आज एमवाय अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होने एमवाय अस्पताल परिसर में मॉडल ब्लड बैंक का उद्घाटन भी किया। बैठक में एडीएम श्री अजय देव शर्मा, डीन एमजीएम कॉलेज डॉ. ज्योति बिंदल, अधीक्षक एमवाय अस्पताल डॉ. पी.एस. ठाकुर एवं कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply