इस जुल्म पर जालिम भी कांप जाए, महिला को घर से घसीट कर पीटा, कांग्रेस पार्षद सहित सात गिरफ्तार

यहां कांग्रेस पार्षद रोकश चौधरी के भाइयों ने एक महिला पर ऐसाा जुल्म ढाया कि जिस पर जालिम भी कांप जाए। ये लोग महिला को घर से घसीटकर सड़क पर ले गए और बुरी तरह बेल्टों व लाठियों से पिटाई की। महिला को पीटने वालों में पार्षद की मां भी शामिल बताई जाती है। पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद और उसके पांच परिजनों को गिरफ्तार किया है। इस घटना ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी विचलित कर दिया और उन्होंने ट्वीट किया कि महिला को पीटने वालों को सख्त सजा मिलेगी।
घटना के बारे में जानकारी मिलने पर सीएम कैप्टन भी हुए विचलित, बोले- पीटने वालों को मिलेगी सख्त सजा
बता दें कि श्री मुक्तसर साहिब में रुपये के लेन देन में वार्ड नंबर 29 से कांग्रेस पार्षद राकेश चौधरी की मां और भाइयों ने मिलकर एक महिला की सड़क पर गिराकर लात-घूसों से पिटाई कर दी। वे महिला को घर से घसीटकर सड़क पर ले गए और सभी मिलकर काफी देर तक उसे डंडे और बेल्टों से बुरी तरह पीटते रहे । सबसे दुखद बात यह है कि कोई छुड़ाने नहीं आया। महिला की एक बुजुर्ग परिजन ने उसे बचाने की कोशिश की तो इन लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
इस दौरान महिला के 10 वर्षीय बेटे ने मारपीट की पूरी वीडिया बना ली और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। बेटा वीडियो बनाते समय चिल्ला रहा है कि मेरी मम्मी नूं मारता लेकिन कोई उसे बचाने के लिए नहीं आया। उधर, पुलिस ने वीडियो देखने के बाद कांग्रेस पार्षद समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज करते हुए छह को गिरफ्तार कर लिया।
मुक्तसर साहिब की सिटी थाना पुलिस ने कांग्रेस पार्षद राकेश चौधरी को गांव रोमाना से गिरफ्तार कर किया। एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी ने कहा कि महिला व उसकी मां से मारपीट पार्षद राकेश चौधरी के शह पर की गई थी। फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, अस्पताल में भर्ती पीडि़त महिला की सुरक्षा के लिए पुलिस ने करीब 24 पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है।
घटना के बारे में जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी विचलित हाे गए और उन्होंने इस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ट्वीट कर कहा है कि इस मामले सभी आरोपितों को सख्त सजा मिलेगी। उन्हाेंने लिखा है, आरोपितों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और इस तरह की हिंसा की घटना सहन नहीं की जा सकती है।
उधर, पुलिस ने पार्षद के भाइयों समेत छह आरोपितों रूप लाल, सुरेश चौधरी, सनी चौधरी, शेख उर्फ रिशू, जैंबों उर्फ सलीम व गुड्डी को काबू करने के बाद पार्षद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी ने बताया कि टीमें बनाकर छापामारी की जा रही है। फरार आरोपितों को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
अदालत ने पांच आरोपितों को दो दिन का रिमांड दिया गया। महिला गुड्डी को फरीदकोट जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं मामले में हसन लाल, सनी चौधरी की पत्नी रेनू व पार्षद राकेश चौधरी की पत्नी ज्योति अभी फरार हैं।
विरोध में उतरे विभिन्न संगठन, अस्पताल के बाहर धरना
उधर, नौजवान भारत सभा, पंजाब स्टूडेंट यूनियन, डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन, किरती किसान यूनियन सहित अलग-अलग जत्थेबंदियों व राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना और आरोपितों को सख्त सजा देने की मांग उठाई। सत्कार कमेटी के सदस्य अस्पताल के बाहर बैठ गए हैं। संगठनों ने कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखदर्शन सिंह मराड़ पर आरोपितों को शह देने का आरोप लगाया है। कहा कि विधायक खुद ही जाकर आरोपितों को थाने में पेश करवाकर आए थे।
————
आप नेताओं ने कहा, कैप्टन की नाक के नीचे इंसानियत का कत्ल
आप के विधायक अमन अरोड़ा व कोटकपूरा से विधायक कुलतार संधवा व काका बराड़ ने अस्पताल पहुंच पीडि़त महिला का हाल चाल जाना। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर की नाक तले ही इंसानियत का कत्ल हो रहा है। पीडि़त महिला को आप वकील मुहैया करवाएगी और आरोपियों को सख्त सजा दिलाएगी।
————-
कांग्रेस पार्षद ने वीडियो वायरल कर दी सफाई, यह सब गुस्से में हो गया
उधर, कांग्रेस पार्षद राकेश चौधरी ने खुद ही अपनी वीडियो वायरल कर मामले में सफाई दी है। राकेश चौधरी ने कहा, यह सब गुस्से में हुआ। वीडियो में वह कह रहा है कि उसका भाई कौन सी तलवार लेकर गया था। जिस महिला के साथ झगड़ा हुआ है वह उसकी भाभी के गले पड़ी थी। ऐसा होने पर गुस्सा तो आ ही जाता है।
————
पूर्व विधायक करण कौर ने कहा, गुंडा किस्म का व्यक्ति है पार्षद राकेश चौधरी
पूर्व विधायक करण कौर बराड़ ने कहा कि आरोपितों की मदद कोई टकसाली कांग्रेसी नहीं करेगा। कहा कि पार्षद राकेश चौधरी गुंडा किस्म का व्यक्ति है, जिसके संबंध में कैप्टन अमरिंदर सिंह को पता है और वह कार्रवाई करेंगे।
———————-
महिला के बेटे ने बनाई थी मारपीट की वीडियो
शुक्रवार की सुबह वार्ड नंबर 29 के कांग्रेस पार्षद राकेश चौधरी के भाइयों, मां व भांजों ने मिलकर मीना नामक महिला को पैसे के लेनदेने के मामले में घर से बाहर निकालकर बुरी तरह से पीटा था। लात-घूंसे बरसाते रहे लेकिन कोई छुड़ाने नहीं आया। महिला के दस वर्षीय बच्चे ने इसकी वीडियो बना ली थी और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी।
ऐसे हुई घटना
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। 4 मिनट 9 सेकेंड की वायरल वीडियाे हमलावरों की बर्बरता बयां कर रही है। वीडियो में पार्षद राकेश चौधरी का भाई सन्नी अपने भाइयों व अन्य लड़कों के साथ मीना नाम की महिला को घर से बाहर खींचकर सड़क पर लाता है। सभी उसे लात, घूंसे, डंडे और बेल्टों से बुरी तरह पीटते हैं। महिला के भाई के साथ भी मारपीट की जाती है। एक महिला भी मारपीट करने वालों का साथ देती नजर आ रही है। वीडियो बनाते हुए बेटा चिल्लाता रहा कि मम्मी नूं मारता, बचाओ… पर कोई बचाने नहीं आया।
ब्याज पर लिए रुपये लौटा दिया था, फिर भी 23 हजार रुपये मांग रहा सन्नी
मीना के भाई सूरज ने बताया कि उन्होंने सन्नी चौधरी से ब्याज पर 40 हजार रुपये लिए थे। उनके अनुसार उन्होंने रुपये लौटा दिए थे, फिर भी वह 23 हजार रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी बहन को शुक्रवार को बुरी तरह से पीटा गया। सिविल अस्पताल में गिरफ्तारी से पहले मौजूद सन्नी चौधरी व रूप लाल ने बताया कि उन्होंने महिला से 63 हजार रुपये लेने हैं। कल शाम को उनकी पत्नी पैसे लेने गई थी, जिसे मीना ने बहुत बुरा भला कहा था। आज भी वह जब आए तो भी उसने गालीगलौज की।
राज्य महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
पंजाब राज्य महिला आयोग ने महिला के साथ की गई मारपीट के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने मुक्तसर के एसएसपी को शिकायत देकर दर्ज मामले में दर्ज एफआइआर व आरोपितों के रिकॉर्ड को लेकर रिपोर्ट मांगी है।
