राजा-महाराजाओं की पार्टी बन कर रह गई है कांग्रेस, जमीनी कार्यकर्ताओं की कदर नहीं : गुर्जर

भोपाल । मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने अभी छह माह ही हुए है, लेकिन पार्टी के मतभेद खुलकर सतह पर दिखाई देने लगे हैं। सरकार से महत्व नहीं मिलने से नाराज किसान नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कांग्रेस को राजा-महाराजाओं की पार्टी बताते हुए कहा कि अब जमीनी कार्यकर्ताओं का महत्व नहीं रह गया है।
किसान कांग्रेस के नेता ने शनिवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में अपना असंतोष खुल कर प्रकट किया। बैठक के दौरान किसान नेता ने पार्टी संगठन के कामकाज के तरीके पर भी सवाल खड़े किए। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कहा अगर पार्टी का कोई नेता विधायक बन जाता है, तो उसे अहंकार हो जाता है। फिर वह उन लोगों की उपेक्षा करना शुरू कर देता है, जिन्होंने उनकी जीत में अहम भूमिका निभाई है।
गुर्जर ने कहा कटनी जिले में हम कांग्रेस का संगठन इसलिए खड़ा नहीं कर पा रहे है, क्योंकि वहां संजय पाठक के कहने पर लोगों को पद दिए गए। अब संजय पाठक पार्टी छोड़कर चले गए तो वहाँ अब कांग्रेस के लिए कोई काम करने वाला ही नहीं बचा है। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने विधायकों की निष्ठा पर भी सवाल खडे किए। उन्होनें कहा मुझे कहने में कोई डर नहीं है, जो लोग विधानसभा चुनाव से पहले टिकिट के लिए तरस रहे थे, वही अब विधायक बनने के बाद पार्टी नेतृत्व को ब्लैकमेल कर रहे हैं। वे मंत्री नहीं बनाने पर सरकार गिराने की धमकी दे रहे हैं।
