बी.एस.एफ. में योग दिवस की तैयारी, एफओबी ने भी की भागीदारी

इन्दौर । सीमा सुरक्षा बल के इंदौर में बिजासन टेकरी के पास सहायक प्रशिक्षण केंद्र में भी इन दिनों अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारी जोरों से चल रही है. बल उप कमांडेंट श्री राकेश पालीवाल ने बताया कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किये जाने वाले योगासनों की सूची जारी की गई है जिसका वे प्रतिभागियों को गहन प्रशिक्षण दे रहे हैं. योगाभ्यास में कमांडेंट श्री आनंद सिंह के अलावा अनेक वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिनस्थ अधिकारी और कार्मिक भाग ले रहे हैं.
सोमवार की सुबह सूचना और प्रसारण मंत्रालय के इंदौर स्थित क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो (एफ.ओ.बी.) इंदौर की टीम ने भी योग प्रशिक्षण में भागीदारी  की. श्री पालीवाल के साथ सभी प्रतिभागियों ने प्रार्थना के साथ योगाभ्यास की शुरूआत की. चालन क्रिया के तहत ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि संचालन और घुटना संचालन के पश्चात खड़े होकर किये जाने वाले ताड़ासन, वृक्षासन, पादह्स्तासन, अर्ध चक्रासन और त्रिकोणासन का अभ्यास कराया. बैठकर किये जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन और वक्रासन का गहन अभ्यास कराया. उदर के बल लेटकर मकरासन, भुजंगासन और शलभासन तथा पीठ के बल लेटकर सेतुबंधासन, उत्तपादासन, अर्ध हलासन, पवन मुक्तासन तथा शवासन का अभ्यास कराया. योगाभ्यास के अंतिम चरण में श्री पालीवाल ने कपालभाति, अनुलोम विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायम का अभ्यास कराने के पश्चात ध्यान कराया. योगाभ्यास की समाप्ति पर श्री पालीवाल ने सभी प्रतिभागियों को अपने कर्तव्य, परिवार, कार्य, समाज और समूचे विश्व में शानित, स्वास्थ्य और सौहार्द के लिये कृत संकल्प रहने की शपथ भी दिलाई. 
इस अवसर पर क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो सहायक निदेशक मधुकर पवार ने कहा कि योग के प्रति जन मानस में जबर्दस्त जागरूकता आई है और इसमें संचार क्रांति की अहम भूमिका है. योग प्रशिक्षक श्री प्रशांत इंदूरकर ने कहा कि सीमा प्रहरियों को सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में काम करना होता है. मानसिक संतुलन बनाये रखने में योग बेहद कारगर हो सकता है. उन्होने सीमा प्रहरियों को बधाई और शुभकामनायें देते हुये आह्वान किया कि वे नियमित योग करें और शारीरिक, मानसिक तथा आत्मिक रूप से स्वस्थ रहें. 

Leave a Reply